लंदन: भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत बृहस्पतिवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन दूसरे सत्र के खेल के दौरान बाएं हाथ में चोट लगने के बाद मैदान से बाहर चले गए। पंत की जगह ध्रुव जुरेल को मैदान पर भेजा गया जबकि वह तीसरे टेस्ट के लिए अंतिम एकादश में भी शामिल नहीं थे। भारतीय उप कप्तान पंत को मैदान में दिए गए उपचार के बाद कोई फायदा नहीं हुआ जिसके बाद जुरेल मैदान में उतरे।
34वें ओवर में चोटिल हुए पंत
पारी के 34वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद को लेग साइड में रोकने के लिए डाइव लगाने के बाद पंत दर्द से कराह रहे थे। पंत गेंद पर हाथ लगाने में कामयाब रहे लेकिन इसे पूरी तरह से रोक नहीं पाए। इसके बाद खेल कुछ देर के लिए रुका रहा क्योंकि भारतीय सहयोगी स्टाफ पंत के हाथ का उपचार करने के लिए मैदान में थे। लेकिन खेल फिर से शुरू होने पर वह विकेटकीपिंग करने में असमर्थ हो गए। अंत में बुमराह का ओवर समाप्त होने के बाद पंत मैदान से बाहर चले गए और जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली।
सीरीज में मचा रहे हैं बल्ले से धमाल
पंत ने मौजूदा टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैच में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने दो टेस्ट की 4 पारियों में 342 रन 85.50 के औसत से बनाए हैं। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट की दोनों पारियों में पंत ने शतक जड़े थे। बर्मिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 65 रन की अहम पारी खेली थी। पंत टीम के उपकप्तान और बल्लेबाजी की रीढ़ हैं। ऐसे में उनका मैच से बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका होगा।
बीसीसीआई ने जारी किया अपडेट
बीसीसीआई ने ऋषभ पंत की चोट पर अपडेट जारी किया है। बीसीसीआई ने ट्वीट करके बताया है कि पंत के बांए हाथ की इन्डेक्स फिंगर में चोट लगी है। मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही है। उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग कर रहे हैं।
