क्रिकेट

रिंकू सिंह ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, एमएस धोनी को पछाड़ने से तीन कदम दूर

टीम इंडिया के नए फिनिशर रिंकू सिंह ने जिंबाब्वे के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव को आखिरी ओवरों में छक्के जड़ने के मामले में पीछे छोड़ दिया। धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने से वो अब केवल 3 कदम दूर हैं।

Image

रिंकू सिंह (साभार SONY NETWORK)

KEY HIGHLIGHTS
  • बतौर फिनिशर रिंकू बना रहे हैं नाम
  • तोड़ा आखिरी ओवरों में छक्के जड़ने का सूर्या का रिकॉर्ड
  • धोनी को पीछे छोड़ने से रिंकू रह गए हैं तीन कदम पीछे

टी20 विश्व कप 2024 के दौरान बतौर रिजर्व प्लेयर चैंपियन बनने वाली टीम इंडिया के साथ रहे रिंकू सिंह जिंबाब्वे दौरे पर पहले मुकाबले में अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। लेकिन उन्होंने सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए रविवार को 22 गेंद में 48 रन की आतिशी पारी खेलकर आलोचकों के मुंह बंद कर दिए। रिंकू ने अपनी आतिशी पारी के दौरान 218.18 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के जड़े।

तोड़ा सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड

रिंकू सिंह भले ही जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में अर्धशतक जड़ने से चूक गए लेकिन उन्होंने सूर्यकुमार यादव का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। रिंकू अंतरराष्ट्रीय टी20 में 19वें और 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों में हार्दिक पांड्या, विराट कोहली और एमएस धोनी के बाद चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं।

48 गेंद में जड़े हैं 17 छक्के

रिंकू सिंह को अपने छोटे से अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर में 19वें और 20वें ओवर में कुल 48 गेंद खेलने का मौका मिला है जिसमें से 17 बार गेंद को उन्होंने बाउंड्री के पार छक्के के लिए भेजा। वहीं सूर्यकुमार यादव और दिनेश कार्तिक अंतिम दो ओवर में 14-14 छक्के जड़ सके। कार्तिक ने 97 गेंद में और सूर्या ने 62 गेंद में 14 छक्के जड़े।

धोनी को पछाड़ने के लिए 3 छक्कों की है दरकार

इस सूची में पहले पायदान पर काबिज हार्दिक पांड्या ने टी20आई के अंतिम दो ओवर में 193 गेंद का सामना करते हुए 32 छक्के जड़े हैं। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज विराट कोहली ने 158 गेंद में 24 बार गेंद को छक्के के लिए भेजा। वहीं थाला एमएस धोनी 258 गेंद में 19 छक्के जड़ने में सफल हुए। रिंकू सिंह जिंबाब्वे के खिलाफ सीरीज के दौरान धोनी को पछाड़ सकते है। धोनी की बराबरी के लिए उन्हें 2 और रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 3 छक्कों की दरकार है।

ऐसा रहा है रिंकू का अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर

रिंकू सिंह ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में खेली 206 गेंद में 178.76 के स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए हैं। उनका औसत 80.80 का रहा है। रिंकू ने इस दौरान 33 चौके और 25 छक्के जड़े हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article