IND vs SA 2nd T20: टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच गक्बेरहा (पोर्ट एलिजाबेथ) के सेंट जॉर्जेस पार्क में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन फिर बारिश ने खलल डाला और बाद में डकवर्थ लिविस नियम के हिसाब से दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 5 विकेट से जीत दर्ज करते सीरीज में शुरुआती बढ़त बना ली। इस दौरान भारत की तरफ से कप्तान सूर्यकुमार यादव (56) के अलावा युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) का बल्ला चला जिन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक भी जड़ा और मीडिया बॉक्स का शीशा तक तोड़ डाला।
मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। दोनों ओपनर्स के शून्य पर आउट होने के बाद और तिलक वर्मा के 29 रन पर आउट होते ही सूर्यकुमार यादव ने रिंकू सिंह के साथ मोर्चा संभाला और धुआंधार बल्लेबाजी की। रिंकू सिंह ने 39 गेंदों में नाबाद 68 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
इसी दौरान रिंकू सिंह का एक छक्का इतना खतरनाक था कि गेंद पूरी रफ्तार के साथ जाकर मीडिया बॉक्स में लगे शीशे से जा टकराई और उसे तोड़ डाला। रिंकू सिंह के इस करारे शॉट का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, यहां देखिए वो वीडियो..
रिंकू सिंह की इस शानदार पारी के दम पर टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रनों का अच्छा स्कोर खड़ा किया था। लेकिन बारिश के बाद डकवर्थ लिविस नियम के हिसाब से लक्ष्य फिर निर्धारित हुआ और साउथ अफ्रीका के सामने 15 ओवर में 152 रनों का टारगेट रखा गया।
मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इस लक्ष्य को 13.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से रीजा हेंडरीक्स ने 49 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान एडेन मार्करम ने 30 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव को आउट करने वाले तबरेज शम्सी को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
