अध्यात्म

शुरू होने वाला है इन 5 राशियों वालों का गोल्डन टाइम, चंद्रमा के घर आ रहा है मायावी

Ketu Transit in Cancer 2026 : मायावी केतु नवंबर के महीने में कर्क राशि में गोचर कर जाएंगे। कर्क राशि में केतु के गोचर करने से किन राशि वालों को लाभ होगा। आइए जानते हैं।

Image

केतु का गोचर किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा

Ketu Transit in Cancer 2026 : मायावी ग्रह केतु नवंबर के अंतिम सप्ताह में अपनी राशि बदलने जा रहे हैं। केतु 25 नवंबर 2026 की शाम 4 बजकर 34 मिनट पर सिंह राशि से निकलकर चंद्रमा की राशि कर्क में प्रवेश करेंगे। केतु के इस राशि परिवर्तन को ज्योतिषीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले करीब डेढ़ साल से केतु सिंह राशि में रहकर कई राशियों के जीवन में उथल-पुथल पैदा कर रहे थे। खासतौर पर जिन लोगों की चंद्र राशि के हिसाब से केतु पहले, चौथे, सातवें, आठवें या बारहवें भाव में थे, उन्हें मानसिक दबाव, रिलेशन में दूरी, करियर में असंतोष और आर्थिक मामलों में उलझन महसूस हो सकती थी।

अब केतु के सिंह राशि से निकलते ही कुछ राशियों को पुरानी परेशानियों से राहत मिलने के संकेत हैं। खास बात यह है कि केतु के साथ राहु भी अपनी राशि बदलेंगे। राहु कुंभ से मकर राशि में प्रवेश करेंगे और केतु सिंह से कर्क राशि में पहुंचेंगे। इस तरह राहु-केतु की पूरी धुरी बदल जाएगी। इस बदलाव से वृषभ, कन्या, तुला और कुंभ राशि वालों के लिए केतु की स्थिति ज्यादा पॉजिटिव हो सकती है। वहीं सिंह राशि वालों को अपनी ही राशि से केतु के निकलने के कारण लंबे समय से चल रहे मानसिक दबाव और असमंजस से राहत मिल सकती है।

डेढ़ साल बाद बदलेगी राहु-केतु की चाल

ज्योतिष में राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है। राहु जहां महत्वाकांक्षा, भौतिक इच्छाओं, अचानक बदलाव और भ्रम से जुड़ा है, वहीं केतु वैराग्य, आध्यात्मिकता, रिसर्च और किसी चीज से दूरी बनाने का कारक माना जाता है। केतु जिस भाव में बैठता है, वहां व्यक्ति को कई बार उस भाव से जुड़े मामलों में असंतोष या अलग तरह के अनुभव हो सकते हैं। हालांकि यही स्थिति व्यक्ति को पुराने ढर्रे से बाहर निकलकर नई दिशा में आगे बढ़ने का मौका भी देती है।

केतु अब सिंह राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। कर्क चंद्रमा की राशि है। चंद्रमा मन, भावनाओं, माता, घर और मानसिक शांति का कारक है। ऐसे में कर्क राशि में केतु का गोचर घर-परिवार, प्रॉपर्टी, भावनात्मक फैसलों और निजी जिंदगी से जुड़े मामलों को प्रभावित कर सकता है। कुछ लोगों को घर से जुड़ी जिम्मेदारियों में बदलाव महसूस हो सकता है, जबकि कुछ के लिए पुराने घरेलू और मानसिक मुद्दों से दूरी बनाना जरूरी होगा।

यहां एक और बात समझना जरूरी है। केतु का नया गोचर लगभग डेढ़ साल तक प्रभावी रहेगा। इस कारण इसका असर धीरे-धीरे करियर, फाइनेंशियल कंडीशन, रिलेशन और निजी फैसलों में दिखाई दे सकता है। आइए जानते हैं कि यह किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के लिए केतु अब चौथे भाव से निकलकर तीसरे भाव में प्रवेश करेंगे। पिछले समय में केतु आपके चौथे भाव में थे, जो घर, माता, प्रॉपर्टी, वाहन और मानसिक शांति से जुड़ा होता है। इसकी वजह से कुछ लोगों को घरेलू मामलों में असंतोष, प्रॉपर्टी से जुड़ी उलझन या परिवार के साथ भावनात्मक दूरी महसूस हो सकती थी। घर बदलने, मकान खरीदने या बेचने और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर भी असमंजस की स्थिति बन सकती थी। अब केतु के चौथे भाव से निकलने के बाद इन मामलों में धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत हैं।

केतु का तीसरे भाव में जाना आपके कॉन्फिडेंस, साहस और अपने प्रयासों से आगे बढ़ने की क्षमता को नई दिशा दे सकता है। नौकरी में लंबे समय से रुके प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा। मीडिया, मार्केटिंग, सेल्स, लेखन और डिजिटल कामों से जुड़े लोगों को नए आइडिया मिल सकते हैं। कारोबारियों के लिए नए कॉन्टैक्ट्स बनाने और मार्केटिंग पर फोकस करने का समय रहेगा। छोटे भाई-बहनों के साथ रिलेशन में भी बदलाव आ सकता है। हालांकि केतु तीसरे भाव में होने के कारण कभी-कभी आप अपनी बात कहने से बच सकते हैं। अपने टैलेंट पर भरोसा रखें और नए मौके हाथ से न जाने दें।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए यह गोचर सबसे बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है। पिछले समय से केतु आपकी ही राशि यानी पहले भाव में मौजूद थे। पहला भाव व्यक्तित्व, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सोच से जुड़ा होता है। केतु के यहां रहने से कुछ लोगों को अपनी पहचान को लेकर असमंजस, काम में मन न लगना, अचानक फैसले बदलना और लोगों से दूरी बनाने जैसी स्थिति महसूस हो सकती थी। कई बार बिना किसी स्पष्ट वजह के मन में बेचैनी या अपने ही काम से असंतुष्टि भी बढ़ सकती थी।

अब केतु आपके पहले भाव से निकलकर बारहवें भाव में पहुंचेंगे। इससे खुद को लेकर बनी उलझन और मानसिक दबाव धीरे-धीरे कम हो सकता है। नौकरी और बिजनेस में आप अपने टारगेट को लेकर ज्यादा क्लैरिटी महसूस कर सकते हैं। जिन लोगों को पिछले समय में सही दिशा चुनने में परेशानी हो रही थी, वे अब अपने फैसलों पर दोबारा काम कर सकते हैं। इसके साथ ही राहु सातवें भाव से निकलकर छठे भाव में पहुंचेंगे। ज्योतिषीय गोचर में राहु की छठे भाव में स्थिति को भी पॉजिटिव माना जाता है। इससे विरोधियों और वर्कप्लेस की चुनौतियों से निपटने में मदद मिल सकती है। हालांकि केतु के बारहवें भाव में जाने से खर्च, नींद और विदेश से जुड़े मामलों पर ध्यान देना होगा। कुल मिलाकर सिंह राशि वालों के लिए यह बदलाव पिछले डेढ़ साल के मानसिक दबाव से बाहर निकलने का मौका दे सकता है।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए केतु का यह गोचर फाइनेंशियल मामलों में राहत देने वाला साबित हो सकता है। अब तक केतु आपके बारहवें भाव में मौजूद थे। बारहवां भाव खर्च, विदेश, नींद, अस्पताल और एकांत से जुड़ा है। इस वजह से कुछ लोगों के अनावश्यक खर्च बढ़ सकते थे। सेविंग करना मुश्किल हो सकता था और मेहनत के बावजूद पैसा टिकने में परेशानी आ सकती थी। कुछ लोगों को विदेश, यात्रा या निजी जिम्मेदारियों पर ज्यादा खर्च करना पड़ा होगा।

अब केतु बारहवें भाव से निकलकर ग्यारहवें भाव में प्रवेश करेंगे। ग्यारहवां भाव इनकम, प्रॉफिट, बड़े कॉन्टैक्ट्स, दोस्तों और इच्छाओं की पूर्ति से जुड़ा है। इस बदलाव से आमदनी के नए रास्ते तलाशने का मौका मिल सकता है। नौकरी करने वालों को पुराने प्रयासों का रिजल्ट मिलने या किसी नए प्रोजेक्ट से फायदा होने की संभावना रहेगी। बिजनेस करने वालों को नए क्लाइंट्स और नेटवर्किंग से फायदा मिल सकता है। हालांकि केतु की प्रकृति अचानक दूरी और असंतोष पैदा करने वाली भी मानी जाती है, इसलिए किसी पुराने कॉन्टैक्ट से दूरी बन सकती है या आमदनी के स्रोत में बदलाव हो सकता है। राहु अब छठे से पांचवें भाव में जाएंगे, इसलिए शेयर मार्केट और जोखिम वाले निवेश में सावधानी रखें। कुल मिलाकर खर्च से निकलकर इनकम और प्रॉफिट पर फोकस करने का यह अच्छा समय हो सकता है।

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए केतु अब ग्यारहवें भाव से निकलकर दसवें भाव में प्रवेश करेंगे। पिछले समय में केतु ग्यारहवें भाव में होने के कारण कुछ लोगों को इनकम और नेटवर्किंग से जुड़े मामलों में असंतोष महसूस हो सकता था। पुराने कॉन्टैक्ट्स से फायदा न मिलना, दोस्तों से दूरी या अपने टारगेट हासिल करने के बाद भी संतुष्टि न मिलना जैसी स्थितियां बन सकती थीं। अब केतु के दसवें भाव में जाने से करियर और प्रोफेशनल लाइफ में बदलाव की शुरुआत हो सकती है।

दसवां भाव नौकरी, बिजनेस, पद, प्रतिष्ठा और कर्म से जुड़ा है। ऐसे में कुछ लोगों का ध्यान पुराने काम से हटकर किसी नए प्रोफेशनल टारगेट की तरफ जा सकता है। नौकरी में भूमिका बदलने, नई जिम्मेदारी लेने या काम करने के तरीके में बदलाव की इच्छा बढ़ सकती है। रिसर्च, टेक्नोलॉजी, आध्यात्मिक विषयों, जांच-पड़ताल और पर्दे के पीछे होने वाले कामों से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं। हालांकि केतु दसवें भाव में होने से काम में मन न लगने या अपनी उपलब्धियों से असंतोष की स्थिति भी बन सकती है। राहु चौथे भाव में पहुंचेंगे, इसलिए घर, प्रॉपर्टी और पारिवारिक मामलों में भी कुछ बदलाव हो सकते हैं। करियर में आगे बढ़ने के लिए अपनी स्किल्स को अपडेट करते रहें और बिना तैयारी के जॉब चेंज न करें।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए केतु का गोचर सातवें भाव से निकलकर छठे भाव में होगा। सातवां भाव मैरिड लाइफ, बिजनेस पार्टनरशिप, जीवनसाथी और पब्लिक डीलिंग से जुड़ा है। पिछले समय में केतु के इस भाव में रहने के कारण कुछ लोगों को रिलेशन में भावनात्मक दूरी, पार्टनर के साथ गलतफहमी या बिजनेस पार्टनरशिप में असंतोष का सामना करना पड़ा होगा। किसी रिश्ते में होते हुए भी अकेलापन महसूस होना या पार्टनर की बात समझने में परेशानी होना जैसी स्थितियां बन सकती थीं।

अब केतु के सातवें भाव से निकलने पर इन मामलों में धीरे-धीरे राहत मिल सकती है। छठे भाव में केतु की स्थिति विरोधियों, प्रतियोगिता, पुराने विवाद और कर्ज से जुड़े मामलों में आपकी रणनीति को मजबूत कर सकती है। नौकरी करने वालों को वर्कप्लेस पर अपनी स्थिति सुधारने का अवसर मिलेगा। किसी पुराने विवाद को सुलझाने या काम में बाधा डालने वाले लोगों से निपटने में सफलता मिल सकती है। जो लोग लंबे समय से किसी प्रतियोगिता या कानूनी विवाद में उलझे हैं, वे उसे आगे बढ़ाने के लिए नई रणनीति बना सकते हैं। हालांकि राहु अब आपकी राशि से बारहवें भाव में जाएंगे, इसलिए खर्च, नींद और विदेश से जुड़े मामलों पर ध्यान देना होगा। रिलेशन में बेवजह शक करने से बचें और पार्टनर के साथ बातचीत बनाए रखें।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article