IPL 2026 Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली। गुजरात टाइटंस के सामने 255 रन का मुश्किल लक्ष्य था, लेकिन गिल एंड कंपनी पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 19.3 ओवर में केवल 162 रन बनाकर ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही आरसीबी ने लगातार दूसरी जबकि ओवरऑल 5वीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बना ली। इससे पहले टॉस गंवाकर बेंगलुरु ने कप्तान रजत पाटीदार की 93 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह प्लेऑफ का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। पाटीदार ने मात्र 33 गेंदों की पारी में नौ छक्के और पांच चौके जड़े। अनुभवी विराट कोहली और कृणाल पंड्या ने 43-43 रनों की पारी खेली।
5वीं बार फाइनल में पहुंची आरसीबी
इस जीत के साथ ही आरसीबी ने आईपीएल के 19 साल के इतिहास में 5वीं बार फाइनल में जगह बना ली। पहली बार आरसीबी 2009 में फाइनल में पहुंची थी। उसके बाद 2011 में भी टीम रनर-अप बनी। 4 साल का इंतजार और तीसरी बार आरसीबी 2016 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन 2025 में उसे पहली ट्रॉफी नसीब हुई।
किससे होगा फाइनल मुकाबला?
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आरसीबी और क्वालीफायर-2 के विजेता टीम के बीच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। क्वालीफायर-2, 29 मई को मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और एलिमिनेटर के विजेता टीम के बीच खेला जाएगा।
तीसरी टीम बनने का मौका
आरसीबी के पास ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बनने का मौका है। अब तक केवल दो टीम ही ऐसा कर पाई है। चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2010-2011 में यह कारनामा पहली बार किया था, जबकि बाद में मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में इसे 2019-20 में दोहराया था। अब रजत पाटीदार के पास भी तीसरा कप्तान बनने का मौका है।
