IPL 2026: टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबले से ठीक पहले एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने आरसीबी (RCB) के फैंस को खुशी से झूमने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल आईपीएल 2026 में आरसीबी की टीम 5 मैच अपने घरेलू मैदान यानी एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम पर खेलने जा रही है। मंगलवार को फ्रेंचाइजी ने यह कन्फर्म करते हुए कहै कि दो मुकाबला वह शहीन वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम रांची में खेलेगी। यह उन तमाम आरसीबी फैंस के लिए बड़ी खुशी लेकर आया है जो लंबे वक्त से इसका इंतजार कर रहे थे। 4 जून, 2025 को हुए भगदड़ की दुखद घटना के बाद महीनों इस बात को लेकर अनिश्चितता का दौर था कि आरसीबी अगले सीजन अपने होमग्राउंड पर कोई मुकाबला खेल पाएगी या नहीं। 2025 में विक्ट्री परेड के दौरान हुए भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी।
इस घटना ने स्टेडियम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे। उसके बाद इस पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा की गई और न्यायमूर्ति जॉन माइकल डी'कुन्हा समिति का गठन किया गया। इस समीति की सिफारिशों ने ही दोबारा इस स्टेडियम में मैच होने को संभव बनाया।
इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए आरसीबी के सीईओ राजेश मेनेन ने कहा 'एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ हमारा घरेलू मैदान ही नहीं है, बल्कि यह वह जगह है जहां एक टीम के रूप में हमारी पहचान बनी। बेंगलुरु में हमारे फैंस की ऊर्जा हमेशा से हमारे खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है, जो उन्हें खेल के हर चरण में प्रेरित करती है। हमारे प्रशंसकों ने बिना किसी शर्त के हमारा साथ दिया है, और वे अपने घरेलू मैदान पर अपनी टीम को खेलते हुए देखने के हकदार हैं।
"विस्तृत चर्चा और अनुमतियों से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद, हमें यह कहते हुए खुशी हो रही है कि आरसीबी बेंगलुरु में पांच मैच खेलेगी। हम कर्नाटक सरकार, केएससीए और कर्नाटक पुलिस को इसे संभव बनाने में उनके सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद देते हैं।"
इस बार आईपीएल 28 मार्च से खेले जाएंगे। 3 राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव के कारण इसके शेड्यूल में देरी हो रही है। इसी कारण इस बार आईपीएल दो दिन की देरी से शुरू होगा। फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। जल्द ही आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
