क्रिकेट

IND vs WI: मैन ऑफ द सीरीज चुने गए जडेजा ने बताया, कैसे गंभीर के आने से बदला करियर

IND vs WI: भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर 2 मैच की टेस्ट सीरीज जीत लिया। इस जीत के हीरो रहे कुलदीप यादव, जिन्हें मैन ऑफ द मैच दिया गया। इसके अलावा इस सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रवींद्र जडेजा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

Image

रवींद्र जडेजा (साभार-BCCI)

भारत के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का इनाम मैन ऑफ द सीरीज के रुप में मिला। जबसे जडेजा ने स्थायी तौर पर नंबर 6 पर बल्लेबाजी शुरू की है, उनके प्रदर्शन में सुधार आया है। मैच के बाद जडेजा ने भी इसको स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी के लिए छठे नंबर पर आने से उन्हें एक अच्छे बल्लेबाज के रूप में सोचने में मदद मिली है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय मुख्य कोच गौतम गंभीर को दिया और कहा कि इससे वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहे। जडेजा को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। भारत ने मंगलवार को यहां दूसरे मैच में सात विकेट से जीत दर्ज की।

इस 36 वर्षीय खिलाड़ी ने अहमदाबाद में पहले मैच में आठ विकेट लिए और 104 रन की पारी खेली थी। जडेजा ने दूसरे मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम जानते हैं कि पिछले पांच-छह महीनों में हम किस तरह की क्रिकेट खेल रहे हैं। इसलिए एक टीम के रूप में यह अच्छा संकेत है कि हम लगातार ऐसा करने में सफल रहे हैं।’’

कोच गंभीर को दिया क्रेडिट

उन्होंने कहा, ‘‘जब से गौती भाई (गंभीर) ने कहा कि मुझे अब छठे नंबर पर बल्लेबाजी करनी है तब से ही मैं एक अदद बल्लेबाज के रूप में सोच रहा हूं और यह मेरे लिए अच्छा साबित हुआ है। पहले मैं कई वर्षों तक आठवें और नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करता रहा हूं, इसलिए मेरी मानसिकता अब की मानसिकता से थोड़ी अलग थी।’’ जडेजा ने कहा कि वह रिकार्ड के बारे में ज्यादा नहीं सोचते लेकिन टीम में अपनी भूमिका को सही ठहराने के लिए बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन करने के प्रति हमेशा सचेत रहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने पर ध्यान केंद्रित करता हूं। मैं हमेशा ऐसा करने के लिए तत्पर रहता हूं। मुझे लगता है कि अगर मैं बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता हूं, तो यह एक खिलाड़ी के रूप में मेरी उपयोगिता को नहीं दर्शाता है।’’ मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी कुलदीप यादव ने कहा कि इस धीमी पिच पर लंबे स्पैल में गेंदबाजी करना एक चुनौती थी। उन्होंने कहा, ‘‘यह बिल्कुल अलग विकेट था। यहां ज़्यादा ओवर डालना एक चुनौती थी, लेकिन मुझे यहां गेंदबाजी करने में मज़ा आया। मुझे अधिक से अधिक ओवर करना पसंद है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article