वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान हो गया है। 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर फैंस में दीवानगी अभी से सातवें आसमान पर है। इससे पहले टेस्ट के नंबर वन भारतीय गेंदबाज अश्विन ने बीते टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में आखिरी गेंद खेलने को लेकर खुलासा किया है।
अलग ही प्लेनेट पर थे विराट
अश्विन ने आईसीसी से बात करते हुए एमसीजी में हुए पाकिस्तान के खिलाफ उस मैच के बारे में कहा 'जब मैं पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में आखिरी गेंद फेस करने के लिए आया तो विराट ने उस गेंद को खेलने के लिए मुझे 7 ऑप्शन दिया। जब मैंने विराट की ऑखों में देखा तो वह बहुत जोश में थे, लग रहा था वह किसी और ही प्लेनेट पर हैं। वह विराट की शानदार इनिंग थी और वह मैच सबसे बड़े मैचों में से एक था।
विराट ने आखिरी 8 गेंदों पर बनाए 28 रन
160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उस मैच में विराट कोहली ने 53 गेंद पर नाबाद 82 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को असंभव सी दिख रही जीत दिलाई थी। उन्होंने आखिरी 8 गेंद पर 28 रन बनाए थे, जिसमें 19वें ओवर के आखिरी दो गेंद पर हारिस रउफ को बैक टू बैक छक्के भी शामिल थे। आखिरी गेंद पर 1 रन की दरकार थी और अश्विन ने जीत दिला दी थी।
हार्दिक और विराट की शानदार साझेदारी
एक वक्त इस मैच में टीम इंडिया 31 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। लेकिन विराट और हार्दिक पांड्या ने 5वें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी करा दी और फिर विराट कोहली ने इसे शानदार तरीके से अंजाम तक पहुंचा दिया। विराट की इस इनिंग को रोहित शर्मा ने वन ऑफ द बेस्ट टी20 इनिंग करार दिया था।
