क्रिकेट

रविचंद्रन अश्विन बने टेस्ट क्रिकेट में डबल धमाल करने वाले पहले एशियाई

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 9, 2023, 04:38 PM IST

रविचंद्रन अश्विन ने गुरुवार को नागपुर टेस्ट के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट के आकंड़े को पूरा करते ही ऐसा डबल धमाल कर दिया जो उनसे पहले एशिया का कोई क्रिकेटर नहीं कर सका था।

Image

रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा

Photo : AP

नागपुर: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में 3 विकेट अपने नाम किए। कंगारू विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी को बोल्ड करके अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट भी पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के नौवें गेंदबाज बने। साथ ही एक एशियाई क्रिकेटर के रूप में उनके नाम एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

डबल धमाल करने वाले पहले एशियाई

अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 450 या उससे ज्यादा विकेट लेने के साथ ही 3000 रन बनाने की दोहरी उपलब्धि हासिल करने वाले एशिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले और कोई दिग्गज ये कारनामा नहीं कर सका। कपिल देव के नाम टेस्ट क्रिकेट में 434 विकेट के साथ 5 हजार से ज्यादा टेस्ट रन दर्ज हैं। लेकिन 3000 टेस्ट रन के साथ 450 विकेट के आंकड़ों को छूने वाली स्पेशल उपलब्धि पहले एशियाई के रूप में अश्विन के नाम दर्ज हुई।

ऐसा रहा है टेस्ट में अबतक गेंद और बल्ले से प्रदर्शन

नागपुर टेस्ट की पहली पारी में अश्विन ने 42 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उनके नाम 89 टेस्ट की 167 पारियों में 452 विकेट हो गए हैं। वहीं इसी दौरान उन्होंने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 89 टेस्ट की 126 पारियों में 27.41 के औसत से 3043 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article