देश

उत्तराखंड में BJP को लगा झटका, भगवा पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए जुबिन नौटियाल के पिता

Jubin Nautiyal father Joins Congress: रामशरण नौटियाल पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं और करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी में उनकी वापसी पर कुमारी सैलजा ने कहा कि यह पुराने साथी की घर वापसी है।

Image

जुबिन नौटियाल के पिता कांग्रेस में शामिल (फोटो साभार- ANI/jubin_nautiyal)

Jubin Nautiyal father Joins Congress: उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है, जब उसके वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी और एआईसीसी महासचिव कुमारी सैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में नौटियाल ने पार्टी की सदस्यता ली। रामशरण नौटियाल बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। वह पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं और करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

BJP छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए जुबिन नौटियाल के पिता

पार्टी में उनकी वापसी पर कुमारी सैलजा ने कहा कि यह पुराने साथी की घर वापसी है। सैलजा ने कहा, "हमारे पुराने साथी रामशरण नौटियाल जी को भाजपा में घुटन महसूस हुई। वहां के माहौल और काम से उनका मन खिन्न हो गया।" सैलजा ने आगे कहा, "उन्होंने देखा है कि भाजपा के भीतर चीजें कैसे चल रही हैं। वह खुद इस बारे में बताएंगे और वह अपनी पार्टी और अपनी विचारधारा में वापस आकर वाकई खुश हैं। हम ऐसे सभी व्यक्तियों को आमंत्रित करते हैं जो कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखते हैं और राहुल गांधी जी और मल्लिकार्जुन खरगे जी जैसे नेताओं में आस्था रखते हैं, वे कांग्रेस पार्टी में शामिल हों।"

12 साल बाद कांग्रेस पार्टी में की वापसी

इस दौरान सैलजा ने राज्य की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "उत्तराखंड के लोगों में राज्य सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है। चाहे निवेश के नाम पर धोखा हो या न्याय की कमी, हर जगह अराजकता है। वहां कोई भी महिला, चाहे बेटी हो, बहन हो या बहू, सुरक्षित नहीं है। भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर फैला हुआ है।"

भाजपा के टिकट पर हार चुके हैं विधायकी का चुनाव

वहीं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी नौटियाल का स्वागत करते हुए कहा, "आज रामशरण नौटियाल जी ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। इस मौके पर मैं उनका स्वागत करता हूं। हमें उम्मीद है कि नौटियाल जी की मौजूदगी से कांग्रेस पार्टी को ताकत मिलेगी।" नौटियाल 2022 में चकराता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article