क्रिकेट

सलमान आगा का वापसी पर ऐतिहासिक वनडे शतक, पाकिस्तान के लिए बनाया खास रिकॉर्ड

Salman Agha Set New ODI Record: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने वनडे ट्राई-सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 37 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में पाकिस्तानी टीम में वापसी करने वाले सलमान अली आगा ने जोरदार शतक लगाया और साथ ही पाकिस्तान के लिए नया वनडे रिकॉर्ड भी बना दिया है।

Image

सलमान आगा ने बनाया नया वनडे रिकॉर्ड

Photo : AP

Salman Ali Agha ODI Record: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सलमान अली आगा ने शानदार वापसी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज के पहले मैच में यादगार शतकीय पारी खेली। रावलपिंडी में खेले गए इस वनडे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रनों से हराकर वनडे ट्राई-सीरीज में जीत से आगाज किया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सलमान आगा ने अपनी शतकीय पारी के बदौलत कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

90 गेंदों में खेली 107 रनों की पारी

मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान क्रिकेट टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। शुरुआती झटकों के बाद पारी को संभालते हुए सलमान आगा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट लगाते हुए मात्र 90 गेंदों में 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। सलमान के इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने निर्धारित 49.5 ओवरों में 305 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 268 रनों पर ही सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने तीन विकेट झटके।

सलमान ने तोड़े रिकॉर्ड, मोहम्मद यूसुफ को भी पीछे छोड़ा

ये शतक सलमान अली आगा के वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा शतक था। खास बात यह है कि उनके ये चारों शतक बैटिंग ऑर्डर में नंबर.5 या उससे नीचे के पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए आए हैं। इस शतकीय पारी के साथ ही सलमान आगा ने पाकिस्तान के लिए नंबर पांच या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने इस पोजीशन पर 3 शतक लगाए थे।

इसके अलावा, सिर्फ नंबर.5 के बल्लेबाजी क्रम पर तीन वनडे शतक लगाने वाले वो पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बैटिंग पोजीशन पर सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड भारत के युवराज सिंह के नाम दर्ज है, जिन्होंने इस स्थान पर 7 शतक लगाए थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article