स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पैरा शूटर मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा को पदक जीतने पर बधाई दी। सोमवार को आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में इन दोनों खिलाड़ियों ने पोडियम पर जगह बनाई। मोना ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि अवनि ने रजत पदक हासिल किया। इन दोनों के शानदार प्रदर्शन से भारत को इस प्रतियोगिता में अपने पहले पदक मिले।
मोना अग्रवाल ने 250 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता और एशियन पैरा गेम्स का एक नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 2023 हांगझोऊ गेम्स में अवनि लेखरा द्वारा बनाए गए 249.6 के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वहीं, अवनि लेखरा ने 249.6 के स्कोर के साथ महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में रजत पदक हासिल किया।
पीएमओ ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के एक 'X' (ट्विटर) पोस्ट में, पीएम मोदी ने मोना अग्रवाल को स्वर्ण पदक जीतने और एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी। उन्होंने मोना की सटीकता, दृढ़ संकल्प और संयम की तारीफ की और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने अवनि लेखरा को भी रजत पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने अवनि की निरंतरता और दृढ़ संकल्प की सराहना की और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मोना वर्ल्ड रिकॉरर्ड से चूंकी
महिलाओं की 10m एयर राइफल फाइनल में भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि मेंस की 10m एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 फाइनल में देश को कोई मेडल नहीं मिला। महावीर स्वरूप उन्हाल्कर 205.9 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे और पांचवीं सीरीज के बाद बाहर हो गए, जबकि पहली बार हिस्सा ले रहे राकेश निदागुंडी 141.5 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे। इससे पहले दिन में, मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10m एयर राइफल क्वालिफिकेशन इवेंट में नया एशियन पैरा गेम्स क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड बनाते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि अवनि लेखारा दूसरे स्थान पर रहीं।
अग्रवाल ने 2026 एशियन पैरा गेम्स के क्वालिफिकेशन राउंड में 629.1 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया और एक नया महाद्वीपीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने चीन की झांग कुइपिंग के पिछले एशियन पैरा गेम्स क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, लेकिन 629.4 के विश्व रिकॉर्ड (जो भारत की अवनि लेखरा और स्लोवाकिया की वेरोनिका वाडोविकोवा के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है) को तोड़ने से बहुत कम अंतर से चूक गईं।
