क्रिकेट

IND-W vs ZIM-W 3rd T20I Preview: स्मृति मंधाना की अगुवाई में पहली सीरीज 'क्लीन स्वीप' करने के इरादे से उतरेगी भारतीय महिला टीम

India Women vs Zimbabwe Women 3rd T20I Preview: भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार (19 अक्टूबर) को जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी टी20 सीरीज का तीसरा व अंतिम मुकाबला खेलने उतरेगी। भारतीय टीम 2-0 से सीरीज पर कब्जा जमा चुकी है और अब स्मृति मंधाना की कप्तानी में पहली क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी टीम।

Image

भारत बनाम जिम्बाब्वे तीसरे महिला टी20 मैच का प्रिव्यू (X/BCCI Women)

IND-W vs ZIM-W 3rd T20I Preview: टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के लय में लौटने के बाद उत्साह से लबरेज भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले तीसरे अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने और 3-0 से क्लीन स्वीप करने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेगी। मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:00 बजे शुरू होगा।

स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद भारत पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तब संकट में पड़ गया था जब उसने अपने चार विकेट 19 रन पर गंवा दिए थे। भारत हालांकि दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद की अच्छी बल्लेबाजी से यह मैच जीतने में सफल रहा था।

सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच में पदार्पण पर 20 वर्षीय निक्की पहले मैच में 39 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने दूसरे मैच में सात रन देकर दो विकेट लिए और इस तरह से अपनी ऑलराउंड क्षमता का अच्छा नमूना पेश किया। दूसरे मैच में मंधाना ने 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन जबकि शेफाली वर्मा ने केवल 25 गेंदों पर 55 रन बनाए। इससे भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नौ विकेट से जीत हासिल कर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

मंधाना का फॉर्म में लौटना भारत के लिए बड़ा सकारात्मक पहलू है क्योंकि वह फरवरी में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले लय बनाए रखना चाहेंगी।मंधाना और शेफाली की सलामी जोड़ी एक बार फिर मजबूत शुरुआत देकर जिम्बाब्वे के गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी।

भारत ने तीसरे नंबर पर जेमिमा रोड्रिग्स के चोटिल हो जाने के कारण अनुष्का शर्मा को मौका दिया लेकिन यह 23 वर्षीय खिलाड़ी पहले मैच में केवल चार रन बना पाई थी जबकि दूसरे मैच में उन्हें खेलने का खास मौका नहीं मिला। अब वह मौका मिलने पर अपनी छाप छोड़ने की पूरी कोशिश करेगी।

भारत के लिए सबसे सकारात्मक पहलू निक्की का अच्छा प्रदर्शन रहा। उन्होंने दूसरे मैच के बाद कहा कि टीम के माहौल में जल्दी घुलमिल जाने से उन्हें मदद मिली। उन्होंने कहा, "यह भारत की सीनियर टीम के साथ मेरा पहला अनुभव है। ड्रेसिंग रूम का माहौल कुल मिलाकर बहुत अच्छा है। मुझे लगता है कि स्मृति दीदी (अपनी पूर्ववर्ती हरमनप्रीत कौर की तरह) उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।"

जिम्बाब्वे ने सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐतिहासिक पहली वनडे जीत के बाद इस श्रंखला में प्रवेश किया, लेकिन उसकी टीम अब भी टी20 में 2026 में अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। उसे इस साल अपने सभी 20 मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

जिम्बाब्वे को उम्मीद होगी कि सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु उसे मजबूत शुरुआत देंगी। गेंदबाजी में उसका दारोमदार ऑफ स्पिनर न्याशा ग्वांजुरा पर रहेगा जिन्होंने पहले मैच में तीन विकेट लेकर भारतीय शीर्ष क्रम को झकझोर दिया था।

दोनों टीमें

भारतीय महिला टी20 टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), निक्की प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।

जिम्बाब्वे महिला टी20 टीम: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलव्ड बिज़ा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, नोम्पिलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चिएजा दुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदानेई मायकुशा, मिशेल मावुंगा और न्याशा ग्वानजुरा।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article