क्रिकेट

Ranji Trophy: मुंबई ने ओडिशा को रौंदा, शम्स मुलानी और हिमांशु सिंह के सिर पर सजा जीत का सेहरा

डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को पारी और 103 रन के अंतर से रौंद दिया। जीत का सेहरा शम्स मुलानी और हिमांशु सिंह के सिर पर सजा।

Image

शम्स मुलानी

मुंबई: स्पिनर शम्स मुलानी (71 रन देकर पांच विकेट) और हिमांशु सिंह (77 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर गत चैंपियन मुंबई ने शनिवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए के मैच में ओडिशा को पारी और 103 रन से करारी शिकस्त देकर सात अंक हासिल किये। मुलानी ने मैच में 11 विकेट लिए और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

मुंबई ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 602 रन बना कर समाप्त घोषित की थी। इसके जवाब में ओडिशा की टीम 285 रन ही बना पाई। मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे द्वारा फॉलोऑन दिए जीने के बाद ओडिशा की टीम दूसरी पारी में 214 रन पर आउट हो गई। ओडिशा ने सुबह अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 126 रन से आगे बढाई लेकिन मुलानी ने विकेटकीपर बल्लेबाज आशीर्वाद स्वैन (51) को आउट कर उसकी रही सही उम्मीद पर भी पानी फेर दिया।

ओडिशा के बाकी बल्लेबाज स्कोरर को ज्यादा परेशान नहीं कर सके और उसकी पारी जल्द ही सिमट गई। मुंबई ने पारी के अंतर से जीत दर्ज करके बोनस अंक हासिल किया। मुंबई ने श्रेयस अय्यर के 233 और सिद्धेश लाड के नाबाद 169 रन की मदद से पहली पारी में विशाल स्कोर बनाया था। हिमांशु ने मैच के बाद कहा ,'पहली पारी में गेंद ज्यादा टर्न नहीं ले रही थी। मुझे अधिकांश विकेट पहली स्लिप में कैच कराके या स्ट्रेट कैच से मिले । टर्न नहीं था लेकिन अज्जू दा (अजिंक्य रहाणे) ने मुझे कहा कि अपनी ताकत पर खेलो।'

पुणे में सेना ने महाराष्ट्र को 35 रन से हराया। पुलकित नारंग ने छह और अमित शुक्ला ने चार विकेट लिये।अगरतला में मेजबान त्रिपुरा और बड़ौदा के बीच मैच ड्रॉ रहा । त्रिपुरा ने पहली पारी की बढत के आधार पर तीन अंक हासिल किये।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article