क्रिकेट

Ranji Trophy Player of the Series: विदर्भ को रणजी चैंपियन बनाने वाला कौन है 22 वर्षीय ऑलराउंडर, बना प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

जानिए कौन है 22 वर्षीय ऑलराउंडर जिनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत विदर्भ तीसरी बना रणजी ट्रॉफी चैंपियन? स्पिन गेंदबाजी से रहा रणजी ट्रॉफी में सफलता का नया इतिहास।

Image

हर्ष दुबे (साभार BCCI Domestic)

नागपुर: विदर्भ तीसरी बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने में सफल रहा। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेला गया फाइनल मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ लेकिन विदर्भ पहली पारी की 37 रन की बढ़त के आधार पर खिताब अपने नाम करने में सफल रहा। युवा खिलाड़ियों ने विदर्भ की तीसरी खिताबी जीत में अहम भूमिका अदा की। फाइनल में विदर्भ की खिताबी जीत का सेहरा दानिश मालेवार के सिर पर सजा और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं 22 साल के बांए हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवार्ड अपने नाम करने में सफल रहे।

बनाया एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड

हर्ष दुबे ने गेंद और बल्ले दोनों से विदर्भ की खिताबी जीत में योगदान दिया। उन्होंने सीजन में खेले 10 मैच की 19 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 69 विकेट अपने नाम किए। ये विकेट उन्होंने 16.98 के औसत से अपने नाम किए और सफलता का नया इतिहास रचते हुए एक सीजन में रणजी में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनसे पहले ये रिकॉर्ड बिहार के लिए खेलने वाले बांए हाथ के स्पिनर आशुतोष अमन के नाम दर्ज था। अमन ने 68 विकेट 8.53 के औसत से अपने नाम किए थे। हर्ष ने सीजन में सात बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए। 36 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। हर्ष के बाद मौजूदा सीजन में दूसरे सबसे सफल गेंदबाज जम्मू-कश्मीर अक़ीब नबी और शम्स मुलानी रहे। दोनों 44-44 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे। हर्ष इन दोनों से 25 विकेट आगे रहे। ये अंतर बहुत बड़ा है।

हर्ष ने बल्ले से भी मचाया धमाल

हर्ष ने बल्ले से भी धमाल मचाया। उन्होंने सीजन में 10 मैच की 18 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 476 रन 28 के औसत से बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े। 76 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। वो सीजन में विदर्भ के पांचवें सबसे सफल बल्लेबाज भी रहे। हर्ष के ऑलराउंड प्रदर्शन के बल पर विदर्भ तीसरी बार खिताब अपने नाम करने में सफल रहा इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article