Kavya Maran Sunrisers Leeds in The Hundred Auction: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि आगामी क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए सनराइजर्स फ्रेंचाइजी द्वारा पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल करने के मामले में वह कुछ नहीं कर सकते। सन टीवी के स्वामित्व वाली इस फ्रेंचाइजी ने द हंड्रेड के प्लेयर ऑक्शन में अबरार अहमद को साइन किया। इसके बाद से फ्रेंचाइजी को अलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
फ्रेंचाइजी के मालिक काव्या मारन को भी कड़ी प्रतिक्रिया मिल रही है और सनराइजर्स लीड्स के आधिकारिक X (पहले ट्विटर) हैंडल को भी सस्पेंड कर दिया गया है। भारत में हो रही आलोचना पर सनराइजर्स प्रबंधन ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, शुक्रवार दोपहर को शुक्ला ने स्पष्ट कर दिया कि यह फैसला फ्रेंचाइजी को लेना होगा और बीसीसीआई कुछ नहीं कर सकता, क्योंकि विदेशी लीग उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती हैं।
'हमारा अधिकार IPL पर'
एएनआई से बात करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, 'हमारे IPL में इस तरह का कुछ नहीं है। हमारा अधिकार क्षेत्र IPL तक आता है। बाहर किस लीग में कौन क्या कर रहा है उसमें हम कैसे दखल दे सकते हैं? ये उनके ऊपर है कि वे क्या करते हैं। IPL में ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है।'
द हंड्रेड के ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने खरीदा
गुरुवार को द हंड्रेड के प्लेयर ऑक्शन में डेनियल विटोरी की अगुवाई में सनराइजर्स लीड्स ने विश्व नंबर-3 गेंदबाज अबरार अहमद को 190,000 पाउंड ( लगभग 1 करोड़ 75 लाख रुपये) में खरीदा। काव्या मारन ने ट्रेंट रॉकेट्स की बोली को काटते हुए खिलाड़ी को साइन किया।
आदिल राशिद की जगह टीम में शामिल
अबरार को टीम में शामिल करने के बाद विटोरी ने खुलासा किया कि आदिल राशिद के दूसरी टीम में जाने के बाद ही फ्रेंचाइजी ने इस मिस्ट्री स्पिनर को टीम में लाने की कोशिश की। उन्होंने यह भी बताया कि उस्मान तारिक भी उनकी योजनाओं का हिस्सा थे, लेकिन अबरार के टीम में शामिल होने के बाद किसी और स्पिनर की तलाश करने की जरूरत नहीं पड़ी।
