Riyan Parag Vape Smoking IPL Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में एक नया विवाद खड़ा हो चुका है। मेजबान पंजाब किंग्स और मेहमान टीम राजस्थान रॉयल्स बीच मंगलवार को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच के दौरान सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो चर्चा का केंद्र बन गया। ये वीडियो है राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का, जिस वीडियो क्लिप को इंटरनेट पर खूब शेयर किया जा रहा है, उसमें रियान पराग वेप स्मोक करते नजर आ रहे हैं।
राजस्थान-पंजाब मैच के दौरान रॉयल्स की पारी के 16वें ओवर में जब उनका रन चेज चल रहा था, तब ये घटना हुई। जैसे ही कैमरा राजस्थान टीम के ड्रेसिंग रूम की ओर मुड़ा, रियान पराग की हरकतों पर सबका ध्यान गया। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग वेप स्मोक कर रहे थे।
देखिए रियान पराग का वायरल वीडियो
(किसी भी प्रकार का धूम्रपान सेहत के लिए हानिकारक है)
क्या होता है वेप, भारत में क्या है इसको लेकर नियम? (What Is A Vape)
वेप एक प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट होती है। गौरतलब है कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (पीईसीए), 2019 के अनुसार, भारत में वेपिंग प्रतिबंधित है। राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन और रियान पराग के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से वायरल वीडियो पर टिप्पणी का अभी भी इंतजार है।
सितंबर 2019 में पारित अधिनियम, 'सार्वजनिक स्वास्थ्य के हित में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन को प्रतिबंधित करता है ताकि लोगों को नुकसान से बचाया जा सके और उससे जुड़े या प्रासंगिक मामलों के लिए।'
राजस्थान-पंजाब मैच का नतीजा
राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करके दिखाया। सीजन में लगातार अपराजित रहने वाली पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक बार फिर से दो सौ रन का आंकड़ा पार किया। पंजाब ने 4 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इसके बाद, 223 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम ने 19.2 ओवर में ही 4 विकेट खोते हुए लक्ष्य हासिल किया और 6 विकेट से जीत दर्ज की। राजस्थान की तरफ से ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में ताबड़तोड़ 43 रनों की पारी खेलकर अच्छी शुरुआत दी, जिसके बाद यशस्वी जायसवाल (51 रन) और अंतिम ओवरों में डोनोवन फरेरा (नाबाद 52 रन) और शुभम दुबे (12 गेंदों में नाबाद 31 रन) के दम पर राजस्थान ने जीत हासिल की। इस दौरान विवादों में आने वाले कप्तान रियान पराग ने 16 गेंदों में 29 रन बनाए। अब राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है, जबकि पंजाब किंग्स अब भी पहले नंबर पर बरकरार है।
