पुणे: दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक अपने करियर के आखिरी विश्व कप को यागदार बनाते जा रहे हैं। उनका आतिशी प्रदर्शन द. अफ्रीका के सातवें मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे में भी जारी रहा। डिकॉक ने 103 गेंद में 8 चौके और 3 छक्के की मदद से विश्व कप 2023 में चौथा शतक जड़ा। वो एक विश्व कप में चार या उससे ज्यादा शतक जड़ने वाले रोहित शर्मा और कुमार संगकारा के बाद दुनिया की तीसरे प्लेयर बन गए हैं।
विश्व कप में चार शतक जड़ने वाले तीसरे प्लेयर
एक विश्व कप में चार शतक जड़ने का कारनामा साल 2015 में श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगकारा ने किया था। उन्होंने ये चार शतक लगातार चार मैचों में जड़े थे। इसके बाद भारत के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने साल 2019 में विश्व कप में पांच शतक जड़कर नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। अब डिकॉक इस स्पेशल क्लब में शामिल होने वाले तीसरे खिलाड़ी विश्व कप 2023 में बन गए हैं। उनके पास रोहित शर्मा की बराबरी करने और उन्हें पीछे छोड़ने का भी शानदार मौका है।
विश्व कप में 500 रन बनाने वाले पहले द. अफ्रीकी
इसी शतकीय पारी के दौरान डिकॉक ने विश्व कप 2023 में 500 रन के आंकड़े को भी पार कर लिया। डिकॉक ये कारनामा करने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हैं। रनों के इस जादूई आंकड़े को उनसे पहले कोई दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी ऐसा नहीं कर सका था। दक्षिण अफ्रीका के लिए एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड जैक कैलिस के नाम दर्ज था। कैलिस ने साल 2007 में 485 रन बनाए थे।
हर्षल गिब्स की बराबरी पर पहुंचे
डिकॉक के वनडे करियर का यह 21वां शतक है। इसके साथ ही डिकॉक दक्षिण अफीका के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में हर्षल गिब्स के साथ साझा रूप से तीसरे पायदान पर आ गए हैं। दोनों के नाम अब 21-21 वनडे शतक हो गए हैं। डिकॉक से ज्यादा वनडे शतक दक्षिण अफ्रीका के लिए हाशिम अमला(27) और एबी डिविलियर्स(25) ने जड़े हैं।
