Nvidia Controversy Explained: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में जिस कंपनी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है, उसके मुखिया का अचानक पद छोड़ना पूरी टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री को चौंका सकता है। कुछ ऐसा ही हुआ है दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के साथ। कंपनी के सह-संस्थापक और लंबे समय से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रहे जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस फैसले ने न केवल कंपनी के भविष्य को लेकर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि अमेरिका और चीन के बीच चल रही तकनीकी प्रतिस्पर्धा में जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है। हुआंग के इस्तीफे से पहले उनके निजी संबंधों को लेकर कई खबरें सामने आई थीं। इनमें सिंगापुर में रहने वाली कारोबारी अधिकारी एलिस हुआंग के साथ उनके कथित संबंधों और महिला के चीन की खुफिया एजेंसियों से जुड़े होने के संदेह का जिक्र किया गया। इसके अलावे दो महिलाओं के साथ अफेयर की खबरें भी सामने आईं। इसी बीच अमेरिकी अधिकारियों की ओर से संभावित जासूसी गतिविधियों को लेकर जांच की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, Nvidia ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि हुआंग के इस्तीफे का इन विवादों से कोई संबंध है। कंपनी ने यह भी कहा है कि उसे ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि उसकी गोपनीय जानकारियां लीक हुई हैं।
जेनसन हुआंग के इस्तीफे से क्यों मचा हड़कंप?
जेनसन हुआंग केवल Nvidia के CEO नहीं थे, बल्कि पिछले तीन दशकों से कंपनी की पहचान भी बने हुए थे। उनके नेतृत्व में Nvidia ने वीडियो गेम के ग्राफिक्स के लिए चिप बनाने वाली कंपनी से लेकर AI की दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण कंपनियों में अपनी जगह बनाई। आज दुनिया भर की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां AI मॉडल तैयार करने और डेटा सेंटर चलाने के लिए Nvidia की चिप पर निर्भर हैं। ऐसे में उनका अचानक पद छोड़ना कंपनी के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद Nvidia के शेयर में जबरदस्त गिरावट हुई। हालांकि, बाद में शेयरों में कुछ स्थिरता देखने को मिली। यह गिरावट बताती है कि निवेशक कंपनी के भविष्य को लेकर कितने चिंतित हैं। Nvidia ने अपनी मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। क्रेस वर्ष 2013 से कंपनी की CFO हैं और उन्हें कंपनी के वित्तीय कामकाज, कारोबार और ग्राहकों की अच्छी समझ है। वह अंतरिम CEO के साथ CFO की जिम्मेदारी भी संभालती रहेंगी। कंपनी का निदेशक मंडल स्थायी CEO के लिए आंतरिक और बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार करेगा। इसके अलावा हार्वे सी. जोन्स को कंपनी का पहला चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर कंपनी सिनॉप्सिस के CEO और कार्यकारी चेयरमैन रह चुके हैं। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नया नेतृत्व Nvidia को उसी रफ्तार से आगे बढ़ा पाएगा, जिस तरह हुआंग ने कंपनी को आगे बढ़ाया था?
आखिर कौन हैं जेनसन हुआंग और कैसे खड़ी की Nvidia?
जेनसन हुआंग का नाम आज दुनिया के सबसे प्रभावशाली टेक्नोलॉजी कारोबारियों में लिया जाता है। उन्होंने 1993 में दो अन्य इंजीनियरों के साथ मिलकर Nvidia की स्थापना की थी। कंपनी शुरू करने का विचार कैलिफोर्निया के सैन जोस स्थित डेनीज नाम के एक रेस्टोरेंट में हुई बातचीत से निकला था। उस समय उनका उद्देश्य ऐसी कंप्यूटर चिप तैयार करना था, जिससे वीडियो गेम के ग्राफिक्स अधिक तेज और वास्तविक दिखाई दें। इसी विचार से Nvidia की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे कंपनी ने अपने कारोबार का विस्तार किया और ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई। समय के साथ इन चिप का इस्तेमाल केवल वीडियो गेम तक सीमित नहीं रहा। वैज्ञानिक शोध, डेटा सेंटर, मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में भी इनकी जरूरत बढ़ने लगी। AI तकनीक के तेजी से विस्तार ने Nvidia के कारोबार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। हुआंग के नेतृत्व में कंपनी दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल हो गई। उनकी व्यक्तिगत संपत्ति भी 144 अरब डॉलर से अधिक बताई गई है। कंपनी में उनकी हिस्सेदारी किसी भी दूसरे व्यक्तिगत शेयरधारक से अधिक रही है। यही वजह है कि उनके जाने को केवल एक CEO का इस्तीफा नहीं, बल्कि Nvidia के एक पूरे नेतृत्व युग का अंत माना जा रहा है।
क्या चीन की 'सुंदरी रणनीति' का शिकार बने जेनसन हुआंग?
इस पूरे विवाद का सबसे चर्चित पहलू जेनसन हुआंग के कथित निजी संबंध और चीन से जुड़ी जासूसी की आशंका है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हुआंग ने एक महिला के साथ विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है, लेकिन उन्होंने महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। वहीं, खबरों में सिंगापुर की कारोबारी अधिकारी एलिस हुआंग का नाम सामने आया है। एलिस हुआंग पहले मेगास्पीड इंटरनेशनल नाम की कंपनी में काम कर चुकी हैं। इस कंपनी पर चीन को प्रतिबंधित AI चिप हासिल करने में कथित तौर पर मदद पहुंचाने के आरोपों के कारण अमेरिकी अधिकारियों की नजर रही है। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि एलिस का चीन की खुफिया एजेंसियों से संबंध हो सकता है। हालांकि, इन आरोपों की जांच होना अभी बाकी है। रिपोर्टों के मुताबिक, हुआंग के दो अन्य महिला के साथ भी संबंधों की खबर सामने आई थी। बताया गया कि यह महिला Nvidia की कर्मचारी थीं और सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। इसके बाद कंपनी के निदेशक मंडल ने संभावित विदेशी खुफिया गतिविधियों को लेकर स्वतंत्र जांच शुरू की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा था कि FBI इस मामले की जांच कर रही है। दूसरी ओर, चीन के विदेश मंत्रालय ने जासूसी से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए अमेरिका पर तकनीकी प्रतिबंधों को सही ठहराने के लिए ऐसी कहानियां गढ़ने का आरोप लगाया। यहां समझना जरूरी है कि किसी व्यक्ति के निजी संबंधों और जासूसी के आरोपों के बीच अंतर होता है। अभी तक सामने आई जानकारी से यह साबित नहीं होता कि हुआंग को किसी जासूसी अभियान के तहत फंसाया गया था या कंपनी की संवेदनशील जानकारियां चीन तक पहुंची थीं।
क्या है चीन की प्राचीन 'सुंदरी रणनीति' यानी मेइरन जी?
जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद ने चीन की एक प्राचीन राजनीतिक और सैन्य रणनीति की भी चर्चा शुरू कर दी है। इसे 'मेइरन जी' यानी सुंदरी की रणनीति कहा जाता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक इसका उल्लेख चीन की प्रसिद्ध सैन्य पुस्तक 'थर्टी-सिक्स स्ट्रैटेजम्स' की 31वीं रणनीति में मिलता है। इस रणनीति का मूल विचार यह है कि किसी शक्तिशाली विरोधी को सीधे युद्ध में हराने के बजाय उसकी व्यक्तिगत कमजोरियों का फायदा उठाकर उसे कमजोर किया जा सकता है। इसके लिए निजी संबंधों, भावनाओं और आकर्षण का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि विरोधी अपने महत्वपूर्ण फैसलों में गलती करने लगे। इस रणनीति से जुड़ी एक प्रसिद्ध कहानी चीन के प्राचीन इतिहास में मिलती है। पांचवीं शताब्दी ईसा पूर्व में यूए राज्य के राजा गोउजियान को पड़ोसी वू राज्य के राजा फुचाई ने हरा दिया था। इसके बाद गोउजियान ने अपनी शक्ति दोबारा जुटानी शुरू की। प्राचीन ऐतिहासिक वृत्तांतों के अनुसार, यूए राज्य ने शी शी और झेंग दान नाम की दो महिलाओं को फुचाई के पास भेजा। उद्देश्य था कि राजा उनके आकर्षण में उलझकर शासन और सुरक्षा से जुड़े मामलों की अनदेखी करने लगे। कहा जाता है कि इस योजना से फुचाई का ध्यान अपने राज्य की जिम्मेदारियों से हट गया। इस बीच गोउजियान ने अपनी सैन्य शक्ति मजबूत कर ली और 473 ईसा पूर्व में यूए ने वू को पराजित कर दिया। हालांकि, इतिहासकार इस हार में दोनों महिलाओं की वास्तविक भूमिका को लेकर पूरी तरह एकमत नहीं हैं। इस कहानी से एक बात समझ आती है कि कई बार किसी शक्तिशाली व्यक्ति की व्यक्तिगत कमजोरियां उसके पूरे संगठन या राज्य के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं।
आधुनिक दुनिया में कैसे काम करता है हनी ट्रैप?
आज की जासूसी की दुनिया में इसी तरह की रणनीति को हनी ट्रैप कहा जाता है। इसमें किसी प्रभावशाली व्यक्ति के साथ प्रेम या अंतरंग संबंध बनाकर उसके करीब पहुंचने की कोशिश की जाती है। इसके बाद उसकी व्यक्तिगत कमजोरियों का फायदा उठाकर गोपनीय जानकारी हासिल करने, फैसलों को प्रभावित करने या उसे दबाव में लाने की कोशिश की जा सकती है। यह तरीका केवल चीन तक सीमित नहीं रहा है। शीत युद्ध के दौरान अमेरिका, पश्चिमी देशों और सोवियत संघ की खुफिया एजेंसियों ने भी इस तरह की रणनीतियों का इस्तेमाल किया था। इतिहास में इसके कुछ चर्चित उदाहरण भी मौजूद हैं। फ्रांस के राजनयिक बर्नार्ड बोरसिकोट और चीन के ओपेरा कलाकार शी पेई पु का मामला इनमें शामिल है। दोनों की मुलाकात 1964 में बीजिंग में हुई थी। उनके बीच लंबे समय तक अंतरंग संबंध रहे। इस दौरान बोरसिकोट फ्रांस के राजनयिक दस्तावेज चीन को देते रहे। 1980 के दशक में यह मामला सामने आया और दोनों के खिलाफ मुकदमा चलाया गया। एक अन्य उदाहरण अमेरिका के पूर्व सांसद एरिक स्वालवेल और क्रिस्टीन फैंग का है। फैंग पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह जताया गया था। स्वालवेल ने 2015 में उनके साथ कई बार अंतरंग संबंध होने की बात स्वीकार की थी। फैंग ने उनके चुनाव प्रचार अभियान के लिए धन जुटाने और उनके कांग्रेस कार्यालय में एक प्रशिक्षु की नियुक्ति कराने में भी मदद की थी। इन उदाहरणों से पता चलता है कि निजी संबंधों का इस्तेमाल कभी-कभी राजनीतिक और रणनीतिक उद्देश्यों के लिए भी किया जा सकता है।
Nvidia और जेनसन हुआंग अमेरिका-चीन के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों?
इस पूरे मामले को समझने के लिए अमेरिका और चीन के बीच चल रही तकनीकी प्रतिस्पर्धा को समझना जरूरी है। आज AI केवल कारोबार या मनोरंजन की तकनीक नहीं रह गई है। इसका इस्तेमाल आर्थिक विकास, वैज्ञानिक शोध, सैन्य क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ रहा है। Nvidia इस प्रतिस्पर्धा के केंद्र में है, क्योंकि कंपनी ऐसी अत्याधुनिक चिप बनाती है, जिनकी मदद से बड़े AI मॉडल तैयार किए जाते हैं और विशाल डेटा सेंटर संचालित होते हैं। अमेरिका चाहता है कि चीन को सबसे उन्नत AI चिप तक आसानी से पहुंच न मिले। इसके पीछे चिंता यह है कि ऐसी तकनीक चीन की सैन्य और रणनीतिक क्षमताओं को मजबूत कर सकती है।
Nvidia के साम्राज्य पर संकट! (तस्वीर-AP)
दूसरी तरफ, चीन अपने घरेलू सेमीकंडक्टर उद्योग को विकसित करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है। इसके बावजूद वहां की कंपनियों को AI मॉडल और डेटा सेंटर बनाने के लिए अत्याधुनिक चिप की जरूरत बनी हुई है। जेनसन हुआंग इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। वह चीन को Nvidia की चिप बेचने पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने के लिए अमेरिकी सरकार पर दबाव बनाते रहे हैं। जनवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से Nvidia की H200 चिप चीन को बेचने की मंजूरी भी मिली थी। ऐसे में कंपनी के टॉप अधिकारी तक किसी विदेशी खुफिया एजेंसी की पहुंच होने की आशंका अमेरिका के लिए गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बन सकती है। हालांकि, केवल किसी कंपनी का रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होना इस बात का प्रमाण नहीं है कि उसके प्रमुख को जासूसी के लिए निशाना बनाया गया था।
जेनसन हुआंग के बिना Nvidia के सामने क्या होंगी चुनौतियां?
Nvidia के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती नए CEO के नेतृत्व में अपना दबदबा बनाए रखने की होगी। कंपनी को ऐसे व्यक्ति की जरूरत है, जो AI कारोबार की तकनीकी जरूरतों को समझने के साथ-साथ वैश्विक ग्राहकों, निवेशकों और सरकारों के साथ भी बेहतर तालमेल बना सके। हुआंग कंपनी के संस्थापक होने के साथ उसकी रणनीति, तकनीकी विकास और कारोबारी विस्तार का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उनके जाने से कंपनी को नेतृत्व के स्तर पर बदलाव करना होगा। निवेशकों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि नया नेतृत्व कंपनी की विकास योजनाओं को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाता है। अंतरिम CEO कोलेट क्रेस के सामने भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्हें कंपनी के मौजूदा कारोबार को स्थिर रखने, निवेशकों का भरोसा बनाए रखने और स्थायी CEO के चयन की प्रक्रिया के दौरान नेतृत्व देना होगा। Nvidia ने 17 नवंबर को जुलाई-सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने का कार्यक्रम भी पहले से तय किया है। इन नतीजों पर बाजार की नजर रहेगी।
फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि हुआंग के इस्तीफे से Nvidia की विकास यात्रा पर कितना असर पड़ेगा। कंपनी के पास मजबूत तकनीक, बड़ा ग्राहक आधार और AI उद्योग में स्थापित स्थिति है। लेकिन आने वाले समय में यह साफ होगा कि क्या कंपनी अपने संस्थापक के बिना भी उसी मजबूती से आगे बढ़ सकती है। कुल मिलाकर, जेनसन हुआंग का इस्तीफा केवल एक बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन की घटना नहीं है। इसने AI उद्योग, कॉरपोरेट नेतृत्व, अंतरराष्ट्रीय जासूसी और अमेरिका-चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा से जुड़े कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले की जांच से ही पता चलेगा कि निजी विवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी आशंकाओं के पीछे कितनी सच्चाई है। वहीं, Nvidia का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनी नए नेतृत्व के साथ AI की दुनिया में अपनी बादशाहत कितनी मजबूती से कायम रख पाती है।
