England vs South Africa, Quinton de Kock Half Century: क्विंटन डी कॉक का टी20 वर्ल्ड कप में धमाल जारी है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 22 गेंदों पर 3 चौके और 4 लंबे-लंबे छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले क्विंटन डी कॉक ने मेजबान यूएसए के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। इंग्लैंड के खिलाफ क्विंटन डी कॉक अपने अर्धशतक को शतक में नहीं बदल पाए। उन्होंने 171.05 की स्ट्राइक रेट से 38 गेंदों पर 4 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। उनको जोफ्रा आर्चर ने जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराया।
सेंट लूसिया के डैरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबले में गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। टीम ने मजबूत शुरुआत की।
यूएसए के खिलाफ बनाए थे 185 की स्ट्राइक रेट से रन
दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने मेजबान यूएसए के खिलाफ 185 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। उन्होंने 40 गेंदों का सामना किया था और 7 चौके और 5 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 74 रन बनाए थे। इस दौरान भी वे शतक से चूक गए थे। उनको हरमीत सिंह ने शायान जहांगीर के हाथों कैच आउट कराया था।
दूसरे नंबर पर हैं क्विंटन डी कॉक
क्विंटन डी कॉक का मौजूदा वर्ल्ड कप में जमकर बल्ला चल रहा है। उन्होंने 6 मुकाबले में 147.24 की स्ट्राइक रेट से 187 रन बनाए हैं। वे दक्षिण अफ्रीका के टॉप स्कोरर और ओवरऑल दूसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे सिर्फ एक खिलाड़ी हैं। वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन 200 रन के साथ टॉप पर बरकरार हैं।
