स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का आज जन्मदिन है। अपनी अटैकिंग बल्लेबाजी के लिए मशहूर सहवाग दुनिया के महान ओपनरों में गिने जाते हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर उनके साथी क्रिकेटर युवराज सिंह ने ऐसा पोस्ट किया, जिसने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया।
सहवाग और युवराज ने लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए एक साथ क्रिकेट खेला। दोनों टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 की ऐतिहासिक जीत में भारतीय टीम का हिस्सा रहे। साथ ही दोनों की दोस्ती काफी गहरी और मशहूर भी रही। दोनों ही अपने मस्ती भरे अंदाज के लिए जाने जाते हैं।
युवराज सिंह ने किया मजेदार पोस्ट
सहवाग क्रिकेट के मैदान पर तूफानी बैटिंग के लिए तो जाने जाते थे, लेकिन साथ ही अपनी हाजिर जवाबी के लिए भी उनका नाम मशहूर है। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वह कमेंट्री से जुड़े हैं। यहां भी अपनी बातों से हर किसी को हंसाते रहते हैं। इसी को लेकर युवराज सिंह ने जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्होंने एक मजेदार और प्यारा बधाई संदेश दिया।
युवराज ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, पहले इनकी बैटिंग से बॉलर्स थे परेशान और अब इनकी बातें मचा देती हैं तूफान। इस नवाब का जवाब नहीं। जन्मदिन मुबारक हो वीरू। ढेर सारा प्यार भाई। उम्मीद है कि आपका आने वाला साल अच्छा रहे।
ऐसा रहा अंतरराष्ट्रीय क्ररियर
वीरेंद्र सहवाग ने भारत के लिए 104 टेस्ट मैच खेले और 49.34 की औसत से 8,586 रन बनाए। उनके नाम 23 शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने दो तिहरे शतक जड़े हैं। वहीं, 251 वनडे मैचों में वह भारत के लिए खेले और 35.05 की औसत से 8,273 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके बल्ले से 15 शतक और 38 अर्धशतक निकले। सहवाग ने वनडे में दोहरा शतक भी जड़ा है। 19 टी20 इंटरनेशनल मैचों में वह 394 रन बनाने में सफल रहे। यहां उनके बल्ले से दो अर्धशतक ही निकले।
