टेक एंड गैजेट्स

Samsung के अगले Android अपडेट का नाम हो सकता है Galaxy OS, मिलेंगे कई बड़े बदलाव

Samsung ने इस साल की शुरुआत में Android 17 पर आधारित One UI 9 पेश किया था। इस अपडेट में क्विक सेटिंग्स पैनल के डिजाइन में बदलाव किए गए और Samsung Notes ऐप को भी बेहतर बनाया गया। अब कंपनी इसके अगले वर्जन पर काम कर रही है।

Image

सैमसंग नए ओएस वर्जन पर काम कर रहा है।

Samsung अपने स्मार्टफोन में One UI सॉफ्टवेयर देता है, लेकिन अब कंपनी इसे लेकर एक बड़ा बदलाव कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung अपने अगले बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट One UI 10 के साथ इसका नाम बदलकर Galaxy OS रख सकता है। यह अपडेट Android 18 पर आधारित होने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Samsung ने इस साल की शुरुआत में Android 17 पर आधारित One UI 9 पेश किया था। इस अपडेट में क्विक सेटिंग्स पैनल के डिजाइन में बदलाव किए गए और Samsung Notes ऐप को भी बेहतर बनाया गया। अब कंपनी इसके अगले वर्जन पर काम कर रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो One UI 10 में सिर्फ नाम ही नहीं बदलेगा, बल्कि इसका डिजाइन और इस्तेमाल करने का तरीका भी पहले से काफी अलग हो सकता है।

One UI 10 में मिल सकता है नया डिजाइन और बेहतर AI फीचर्स

लीक के मुताबिक, Samsung के अगले सॉफ्टवेयर अपडेट में यूजर इंटरफेस को पूरी तरह से नया रूप दिया जा सकता है। टिप्स्टर Ice Universe ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया है कि One UI 10 में कई बड़े और पहले से अलग बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ऐप्स के इस्तेमाल के तरीके को भी आसान बनाने पर काम कर रही है। उदाहरण के लिए, कैलेंडर में सेव इवेंट, लोकेशन की जानकारी और उनसे जुड़ी बातचीत को एक ही जगह पर देखना आसान हो सकता है।

इससे यूजर्स को अलग-अलग ऐप्स या स्क्रीन पर बार-बार जाने की जरूरत कम पड़ेगी। इसके अलावा, अपडेट में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल भी बढ़ाया जा सकता है। इससे Samsung के फोन, टैबलेट और स्मार्टवॉच के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिल सकता है। हालांकि, रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कुछ एडवांस AI फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है, जबकि कुछ जरूरी AI फीचर्स मुफ्त मिल सकते हैं।

कब लॉन्च होगा Galaxy OS? जानें क्या है अपडेट

फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक, Samsung One UI 10 को साल 2027 के बीच में जारी कर सकता है। इसका लॉन्च Samsung Galaxy Z Fold 9 और Galaxy Z Flip 9 के साथ होने की संभावना जताई जा रही है। अगर कंपनी सच में One UI का नाम बदलकर Galaxy OS करती है, तो यह Samsung के सॉफ्टवेयर के लिए एक बड़ा बदलाव होगा।

हालांकि, अभी इन सभी जानकारियों को लीक और रिपोर्ट्स के आधार पर ही देखा जाना चाहिए। Samsung ने न तो Galaxy OS नाम की पुष्टि की है और न ही One UI 10 के नए फीचर्स या लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी अपने अगले अपडेट में कौन-कौन से बदलाव लेकर आती है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article