क्रिकेट

पंजाब किंग्स ने दिखाया आईपीएल में 10 का दम,सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

पंजाब किंग्स ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2026 के सत्रहवें मुकाबले में 220 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करके इतिहास रच दिया है।

Image

पंजाब किंग्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

Punjab King's World Record: आईपीएल 2026 में पिछले बार की उपविजेता पंजाब किंग्स का धमाल लगातार जारी है। विजय रथ पर सवार श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने शनिवार को अपने घर पर सनराइजर्स हैदराबाद को जीत के लिए 220 रन के लक्ष्य का सफलता पूर्वक पीछा करते हुए 6 विकेट से पटखनी दी। पंजाब ने 18.5 ओवर में विजयी लक्ष्य को हासिल करके एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

हैदराबाद को दी 6 विकेट से पटखनी

पंजाब ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा की आतिशी बल्लेबाजी के बल पर 6 विकेट पर 219 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 220 रन के लक्ष्य को प्रियांश आर्य की 57(20), प्रभसिमरन सिंह 51(25) और श्रेयस अय्यर की 69(33) रन की नाबाद कप्तानी पारी की बदौलत 6 विकेट और 7 गेंद रहते हासिल कर लिया। पंजाब किंग्स की यह सीजन की तीसरी जीत थी। उसके खाते में 4 मैच में तीन जीत और एक रद्द मुकाबले के साथ 7 अंक हो गए हैं और वो अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स के बाद दूसरे पायदान पर बनी हुई है।

10वीं बार चेज किया 200+ से ज्यादा का लक्ष्य

पंजाब किंग्स ने इस जीत के साथ ही एक नया इतिहास टी20 क्रिकेट में रच दिया है। पंजाब किंग्स टी20 क्रिकेट 10 बार 200 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। पंजाब के नाम पहले से ही ये रिकॉर्ड दर्ज था लेकिन टी20 फॉर्मेट में 10 का दम दिखाने पहली टीम है। पंजाब किंग्स के बाद इस मामले में दूसरे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम है जिसने सात बार 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इस फॉर्मट में जीत हासिल की है।

आईपीएल में पंजाब के बाद हैं ये टीमें

आईपीएल के इतिहास की बात करें तो पंजाब किंग्स के बाद सबसे ज्यादा बार 200 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने के मामले में दूसरे पायदान पर मुंबई इंडियन्स की टीम है। मुंबई ने 6 बार ये कारनामा किया है। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद(5), राजस्थान रॉयल्स(5), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू(4), चेन्नई सुपर किंग्स(3), लखनऊ सुपर जायंट्स(3), कोलकाता नाईट राइडर्स(3) और दिल्ली कैपिटल्स(3) हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article