India squad for Sri Lanka Series: मंगलवार रात बीसीसीआई ने भारत बनाम श्रीलंका टी20 और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। चयनकर्ताओं ने टी20 सीरीज को एक युवा रूप दिया है जबकि वनडे टीम में सीनियर-जूनियर खिलाड़ियों का मिश्रण नजर आया। टी20 टीम में कुछ नए चेहरे भी नजर आए। लेकिन कुछ ऐसे भी खिलाड़ी हैं जो टीम में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे लेकिन ऐसा हो ना सका। उन्हीं में एक हैं भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw)।
पृथ्वी शॉ जाहिर तौर पर निराश होंगे क्योंकि वो उम्मीद कर रहे होंगे कि साल की शुरुआत में उनको देश से खेलने का मौका मिले, लेकिन ना वनडे और ना टी20 टीम में उनका नाम नजर आया। टीम के ऐलान के बाद पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर दो वीडियो शेयर किए। इन पोस्ट का इशारा किस तरफ था ये तो पता नहीं लेकिन इसमें वो कुछ ना कुछ कहना जरूर चाह रहे थे।
शॉ के पहले वीडियो में जो लाइन थी उसमें लिखा था, "किसी ने मुफ्त में पा लिया वो शख्स, जिसको मुझे हर कीमत पर चाहिए था।" वहीं अपने दूसरी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने एक मोटिवेशनल स्पीकर व साधू गौर गोपाल दास का वीडियो शेयर किया, जिसमें वो कहते हैं, "अगर कोई मुस्करा रहा है तो इसका मतलब नहीं कि वो खुश ही है अपनी जिंदगी में। खुशी ऑटोमेटिक नहीं होती, मुश्किलें ऑटोमेटिक होती हैं।"

पृथ्वी शॉ (इंस्टाग्राम)
पृथ्वी शॉ टीम के ऐलान के बाद किसके लिए क्या कहना चाह रहे हैं, ये तो वो खुद ही जानते होंगे लेकिन उनके फैंस इसको लेकर तमाम मतलब जरूर निकाल रहे हैं। फैंस भी चाहते थे कि टीम में उनका नाम जरूर शामिल हो लेकिन दोनों ही टीमों में पृथ्वी का नाम नदारद रहा।
भारत बनाम श्रीलंका टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हूडा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी और मुकेश कुमार।
भारत बनाम श्रीलंका वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह।
