क्रिकेट

पृथ्‍वी शॉ ने 200 से ज्‍यादा के स्‍ट्राइक रेट के साथ जड़ा अपना पहला T20 शतक, चौके-छक्‍कों की बारिश की

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 14, 2022, 01:31 PM IST

Prithvi Shaw 1st T20 century: मुंबई के कप्‍तान पृथ्‍वी शॉ ने शुक्रवार को सैयद मुश्‍ताक अली टी20 ट्रॉफी के ग्रुप ए के मैच में असम के खिलाफ अपने टी20 करियर का पहला शतक जमाया। पृथ्‍वी शॉ ने केवल 61 गेंदों में 200 से ज्‍यादा के स्‍ट्राइक रेट से खेलते हुए 134 रन ठोके। इस दौरान शॉ ने चौके-छक्‍के की बारिश की।

Image

पृथ्‍वी शॉ

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पृथ्‍वी शॉ ने अपने टी20 करियर का पहला शतक जमाया
  • पृथ्‍वी शॉ ने असम के खिलाफ 61 गेंदों में 134 रन बनाए
  • शॉ की पारी की मदद से मुंबई ने 230/3 का विशाल स्‍कोर बनाया

राजकोट: मुंबई टीम के कप्‍तान पृथ्‍वी शॉ ने शुक्रवार को सैयद मुश्‍ताक अली टी20 ट्रॉफी में असम के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए छोटे प्रारूप में अपना पहला शतक जमाया। पृथ्‍वी शॉ ने अपनी पारी के दौरान 200 से ज्‍यादा के स्‍ट्राइक रेट से रन बनाए और इस दौरान चौके-छक्‍के की बारिश की। शॉ के सामने असम के गेंदबाज पूरी तरह पस्‍त नजर आए। पृथ्‍वी शॉ की पारी की बदौलत मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 230 रन बनाए।

पृथ्‍वी शॉ ने केवल 61 गेंदों में 13 चौके और 9 छक्‍के की मदद से 134 रन बनाए। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने केवल 46 गेंदों में सैकड़ा पूरा कर लिया था। असम के कप्‍तान मृनमय दत्‍ता ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। उनका यह फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। राजकोट में पृथ्‍वी शॉ ने शुरूआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और तूफानी शतक जमाया। मुंबई को पहला झटका 41 रन के स्‍कोर पर लगा जब पराग ने अमन हकीम खान (15) को डीपी दास के हाथों कैच आउट कराया।

यहां से पृथ्‍वी शॉ को इन फॉर्म चल रहे यशस्‍वी जायसवाल (42) का साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की शतकीय साझेदारी की। उल्‍लेखनीय है कि दोनों ही बल्‍लेबाजों ने आक्रमकता से खेला और मुंबई के बड़े स्‍कोर की नींव रखी। आलम ने यशस्‍वी जायसवाल को अहमद के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। यहां से शॉ ने सरफराज खान (15*) को साथ लेकर तीसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।

अहमद ने नराह के हाथों कैच आउट कराकर पृथ्‍वी शॉ की पारी का अंत किया। शॉ ने मैदान के चारों ओर शॉट खेलते हुए 13 चौके और 9 छक्‍के जड़े। बता दें कि मुंबई का मौजूदा सैयद मुश्‍ताक अली टी20 ट्रॉफी में प्रदर्शन शानदार रहा है। उसने असम से पहले अपने दोनों मुकाबले जीते और ग्रुप ए में शीर्ष स्‍थान पर जमी हुई है।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article