क्रिकेट

चोट से वापसी पर बोले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा- ऑस्ट्रेलिया सीरीज है अगला मिशन

Prasidha Krishna: प्रसिद्ध कृष्णा ने चोट से उबरने और अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनकी नजरें अब भारत में होने वाली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज पर टिकी हैं।

Image

प्रसिद्ध कृष्णा (फोटो साभार- BCCI)

Prasidha Krishna: भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने चोट से उबरने और शीर्ष क्रिकेट में अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। कृष्णा का कहना है कि वह सिर्फ वापसी नहीं, बल्कि पहले से कहीं ज्यादा बेहतर गेंदबाज बनकर लौटना चाहते हैं। उनकी नजरें अब भारत में होने वाली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज पर टिकी हैं। जियोस्टार से बातचीत में प्रसिद्ध ने कहा, "मैं हमेशा खुद से कहता हूं कि अगर चोट लगने के समय मैं जिस स्तर पर था, वापसी पर मुझे उससे दस गुना बेहतर होना होगा। यह मानसिकता ही आपको आगे ले जाती है।" 30 वर्षीय तेज गेंदबाज पिछले कुछ समय से चोटों से जूझते रहे हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी है।

वापसी को लेकर प्रसिद्ध कृष्णा का बयान

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी कठिन परिस्थितियों में 5-5 टेस्ट की सीरीज खेल चुके प्रसिद्ध को लंबी सीरीज की चुनौती का अंदाजा है। उन्होंने कहा, "मैंने दो बार पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली है, एक बार ऑस्ट्रेलिया में और एक बार इंग्लैंड में। इससे मैंने बहुत कुछ सीखा है। पांच मैच और 25 दिनों तक लय और फिटनेस बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है।" भारत अगले साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा। प्रसिद्ध ने बताया कि टीम इंडिया इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, "सभी खिलाड़ी अच्छी स्थिति में हैं और मनोबल ऊंचा है। सभी जानते हैं कि WTC फाइनल की रेस में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज कितनी अहम है।"

फिटनेस पर मेहनत कर रहे हैं प्रसिद्ध

ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले भारतीय टीम को न्यूजीलैंड का दौरा भी करना है। प्रसिद्ध ने माना कि न्यूजीलैंड में तेज गेंदबाजों के लिए अलग तरह की परीक्षा होगी। "न्यूजीलैंड खेल के लिए अच्छी जगह है, लेकिन वहां आपके कौशल और सहनशक्ति की कड़ी परीक्षा होती है। वहां की परिस्थितियां आपको लगातार अनुशासन में गेंदबाजी करने के लिए मजबूर करती हैं।" फिलहाल प्रसिद्ध कृष्णा नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उनका लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करना है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article