क्रिकेट

IND vs ENG: जो रूट के साथ नोंकझोंक पर प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़ी चुप्पी

IND vs ENG: इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान गेंदबाजों और बल्लेबाजों में तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। इस क्रम में जो रूट और प्रसिद्ध कृष्णा भी एक दूसरे से भिड़ गए जो अंपायप के बीच-बचाव के बाद अलग किए गए। अब इसको लेकर तेज गेंदबाज ने प्रतिक्रिया दी है।

Image

प्रसिद्ध कृष्णा (साभार-AP)

IND vs ENG: भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने ‘अच्छे दोस्त’ जो रूट के साथ पांचवें और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन हुई नोंकझोंक का पूरा मजा लिया और उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के इस अनुभवी बल्लेबाज को गुस्सा दिलाना टीम की रणनीति का हिस्सा था। प्रसिद्ध और रूट के बीच तनाव के कारण अंपायरों को दखल देना पड़ा। आम तौर पर शांत रहने वाले रूट 22वें ओवर में चौके बाद प्रसिद्ध की टिप्पणी से खुश नहीं थे। प्रसिद्ध ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ यह छोटी सी बात थी। प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने की वजह से ऐसा हो जाता है। हम मैदान से बाहर अच्छे दोस्त हैं। यह हल्की नोंकझोंक थी और हम दोनों ने इसका मजा लिया।’’

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि रूट को चिढाना अनायास नहीं हुआ था। उन्होंने कहा ,‘‘यह हमारी रणनीति थी। लेकिन मैने सोचा नहीं था कि मेरे कुछ शब्दों पर वह इतनी कड़ी प्रतिक्रिया देंगे। जैसा कि मैने कहा कि मुझे वह बहुत पसंद है और वह खेल के लीजैंड हैं।’’ इस गेंदबाज ने कहा ,‘‘ यह अच्छी बात है कि हम दोनों अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे। बल्लेबाज से हल्की फुल्की बात होते रहने पर गेंदबाजी में मुझे मजा आता है। इससे और मदद मिलती है जब बल्लेबाज भी आवेश में आकर प्रतिक्रिया देता है।’’

पहले सत्र में इंग्लैंड के बल्लेबाजों के दबाव बनाने के बाद तेज गेंदबाजों में आपस में क्या बात हुई, यह पूछने पर उन्होंने कहा ,‘‘ एक टीम के तौर पर हमें पता था कि लंच के पहले क्या हुआ। तीनों तेज गेंदबाजों ने एक कोने में जाकर आपस में बात की और तय किया कि जो हुआ, वह हो गया। अब हमें सही लाइन और लैंग्थ से गेंदबाजी करके वापसी करनी होगी।’’

इंग्लैंड के बेन डकेट को आउट करने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने मुस्कुराते हुए उनके कंधे पर हाथ रखा जो बल्लेबाज को पसंद नहीं आया।

इंग्लैंड के बल्लेबाजी कोच मार्कस ट्रेसकोथिक ने कहा कि आकाश दीप को ऐसा करने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा ,‘‘ मेरे समय में अधिकांश बल्लेबाज उसे कोहनी लगा देते या कुछ अलग करते। मैने कभी किसी गेंदबाज को किसी बल्लेबाज को आउट करने के बाद ऐसा करते नहीं देखा। ऐसा करने की कोई जरूरत भी नहीं थी।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article