लाहौर: पाकिस्तान सुपर लीग का आगाज 26 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होने जा रहा है। 11वें सीजन के आगाज से पहले कई विदेशी खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग का दामन छोड़कर आईपीएल में शिरकत करने जा रहे हैं। हाल ही में जिंबाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान की जगह अपनी टीम में शामिल करने का ऐलान किया। मुजरबानी पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाईडेट के लिए खेलने वाले थे लेकिन उन्होंने सीजन के आगाज से पहले ही करार तोड़ दिया। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के कार्बिन बॉश ने भी ऐसा ही कदम उठाया था।
दसुन शनाका होंगे राजस्थान रॉयल्स में शामिल
आईपीएल के लिए पीएसएल का करार तोड़ने वाले खिलाड़ियों में रविवार को एक और नया नाम श्रीलंका के टी20 कप्तान दसुन शनाका के रूप में जुड़ गया है। शनाका ने लाहौर कलंदर के साथ करार किया था लेकिन अब राजस्थान रॉयल्स में सैम कुरेन की जगह उन्हें शामिल होने का ऑफर मिला तो उन्होंने भी पीएसएल का दामन छोड़ने का फैसला कर लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐसे खिलाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
खिलाड़ियों के खिलाफ करेंगे कानूनी कार्रवाई
पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने रविवार को लाहौर में बंद दरवाजों में पीएसएल 2026 के आगाज का ऐलान करते हुए इस बारे में कहा, 'हम नियमों के अनुसार उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पिछले साल भी एक ऐसा मामला सामने आया था (कॉर्बिन बॉश, जिन्हें PSL से एक साल के लिए बैन कर दिया गया था), और इस बार भी वैसा ही होगा। IPL के साथ टकराव कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि अगर खिलाड़ी वहां जा रहे हैं, तो हमारे यहां भी बेहतरीन खिलाड़ी आ रहे हैं। हम पीएसएल को टालने का जोखिम नहीं उठा सकते थे, क्योंकि हमारे पास पूरे साल में और कोई विंडो उपलब्ध नहीं है।'
