क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: पीसीबी अध्यक्ष ने की यूएई क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख से मुलाकात, हाइब्रिड मॉडल पर हुई बात

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुखिया मोहसिन नकवी ने आईसीसी द्वारा चैंपियंय ट्रॉफी 2025 के आयोजन के लिए हाइब्रिड मॉडल को अपनाने के लिए अल्टीमेटम मिलने के बाद यूएई क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात की है।

Image

पीसीबी चेयरमैन मोहनिस नकवी

कराची:पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ‘हाइब्रिड मॉडल’ पर विचार-विमर्श के बीच दुबई में अमीरात (यूएई) क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मुबाशिर उस्मानी से मुलाकात की। बैठक के संबंध में पीसीबी से जारी बयान के अनुसार नकवी ने उस्मानी को बताया कि पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए तैयार है और सभी तैयारियां तय समय पर हैं। उस्मानी आईसीसी की एसोसिएट सदस्यों की समिति के अध्यक्ष भी हैं।

सूत्रों के अनुसार नकवी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में स्थिति स्थिर है और इस बड़े आयोजन में भाग लेने वाली सभी टीमों को राज्य स्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले स्टेडियमों में निर्माण कार्य भी तय समय पर चल रहा है और पाकिस्तान के लोग देश में सर्वश्रेष्ठ टीमों और खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं।

इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को पाकिस्तान से कहा कि वह चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए ‘हाइब्रिड’ मॉडल को स्वीकार करे या फिर इस आयोजन से बाहर होने के लिए तैयार रहे। पीसीबी के ‘हाइब्रिड’ मॉडल पर अड़ियल रुख के कारण इसके कार्यकारी बोर्ड की बैठक मे कोई फैसला नहीं हो सका।

दुबई में हुई आपातकालीन बैठक का उद्देश्य अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले आयोजन के कार्यक्रम पर चर्चा करना था। भारत ने सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया। पाकिस्तान के ‘हाइब्रिड मॉडल’ को अस्वीकार करने के बाद इस पर आम सहमति नहीं बन सकी।

यह समझा जाता है कि आईसीसी बोर्ड के ज्यादातर सदस्यों को पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति है लेकिन उन्होंने मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए नकवी को एकमात्र ‘संभावित समाधान’ के तौर पर ‘हाइब्रिड’ मॉडल को स्वीकार करने की सलाह दी । ‘हाइब्रिड’ मॉडल को अपनाया गया तो इस बात की संभावना अधिक है कि भारत के मैच यूएई में खेले जायेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article