एजुकेशन

NEET PG 2026: परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाएं क्या नहीं? जरा सी गलती परीक्षा केंद्र से कर सकती है बाहर

NEET PG 2026: नीट पीजी 2026 की परीक्षा में अब अधिक दिन बाकी नहीं है। परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को एग्जाम सेंटर में क्या ले जाना है और क्या नहीं इसकी पूरी जानकारी होना अनिवार्य है। नहीं को एक छोटी सी गलती उनके लिए हानिकारक हो सकती है।

Image

NEET PG 2026 (Photo - AI)

NEET PG 2026: मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में दाखिले के लिए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) द्वारा 30 अगस्त को NEET PG 2026 परीक्षा देश में बने विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में महीनों से कड़ी मेहनत और दिन-रात तैयारी कर रहे उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे। लेकिन अक्सर देखा गया है कि उम्मीदवार अपनी पढ़ाई पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन परीक्षा केंद्र से जुड़ी गाइडलाइंस और नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं। नियमों के पालन को लेकर आपकी जरा सी लापरवाही महीनों की मेहनत पर पानी फेर सकती है और आपको परीक्षा देने से वंचित किया जा सकता है। इसलिए परीक्षा में शामिल होने से पहले उम्मीदवारों को पता होना चाहिए की NEET PG 2026 परीक्षा केंद्र पर वह अपने साथ क्या ले जा सकते हैं और क्या नहीं।

परीक्षा केंद्र पर इन दस्तावेजों को रखें साथ

प्रिंटेड एडमिट कार्ड: NBEMS द्वारा 27 अगस्त को एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार उसकी स्पष्ट कॉपी निकालकर परीक्षा केंद्र पर जाएं।

ओरिजनल फोटो आईडी: एडमिट कार्ड के साथ उम्मीदवार के लिए एक ओरिजिनल फोटो आईडी लेना जाना भी अनिवार्य है। इसमें पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट में से कोई एक शामिल हो सकता है।

पासपोर्ट साइज फोटो: अपनी एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखें, जिसे अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वह उसी फोटो का इस्तेमाल करें जो एडमिट कार्ड पर प्रिंट है।

मेडिकल / रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (यदि लागू हो): विदेशी मेडिकल स्नातकों (FMGE पास) को अपना पासिंग सर्टिफिकेट या मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन प्रूफ साथ रखना पड़ सकता है।

NEET PG

NEET PG

परीक्षा केंद्र पर भूलकर भी न ले जाएं ये चीजें

NEET PG परीक्षा में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम होते हैं। परीक्षा हॉल में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निम्नलिखित वस्तुओं को ले जाने पर पूरी तरह बैन रहता है।

- उम्मीदवार मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर आदि जैसे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र पर नहीं ले सकते हैं।

- परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT Mode) होती है। इसलिए किसी भी प्रकार की स्टेशनरी जैसे पेन, पेंसिल, नोटबुक, कागज के टुकड़े, ज्योमेट्री बॉक्स या इरेजर लाने की अनुमति नहीं है।

- सोने या चांदी की चेन, अंगूठी, झुमके, नाक की नथ, ब्रेसलेट, कड़ा, बेल्ट (बकल वाली) या कोई भी मैटेलिक एक्सेसरीज पहनकर न जाएं। बायोमेट्रिक और मेटल डिटेक्टर चेकिंग के दौरान ये चीजें समस्या खड़ी कर सकती हैं।

- लेदर पर्स, वॉलेट, गॉगल्स, हैंडबैग या बड़ा बैकपैक परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी।

- किसी भी प्रकार का खाना, स्नैक्स, या पानी की बोतल (जब तक कि विशेष मेडिकल स्थिति के लिए अनुमति न दी गई हो) अंदर ले जाना प्रतिबंधित है।

ड्रेस कोड और जरूरी सावधानियां

परीक्षा के लिए जाने वाले उम्मीदवारों को सलाह है कि वह एग्जाम के दिन साधारण कपड़े पहने। इस दौरान सादे टी-शर्ट/कुर्ता और ट्राउजर पहनना सबसे बेहतर विकल्प है। उन्हें सलाह है कि वह जेबों वाले बड़े कपड़े, हुडी, भारी कढ़ाई वाले वस्त्र या बहुत सारे बटन वाले कपड़ों से बचें। इसके साथ ही ऊंची हील के जूते-चप्पल पहनने के बजाय साधारण सैंडल या स्लीपर पहनकर जाएं।

समय का खास ध्यान

एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम 1 से 1.5 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे। गेट बंद होने के तय समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को एंट्री नहीं दी जाती है। लेट होने की स्थिति में आपकी परीक्षा छूट सकती है, जिससे आपकी महीनों की तैयारी मिट्टी में मिल सकती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article