क्रिकेट

अब नहीं होगा भारत-पाकिस्तान, PCB का WCL को लेकर बड़ा एक्शन

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने WCL के आयोजकों पर पक्षपात का बड़ा आरोप लगाते हुए एक फैसला लिया है। इस फैसले पर अगर पीसीबी जमी रही तो अब कभी भी WCL में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला नहीं हो पाएगा। इससे पहले लीग और सेमीफाइनल में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था।

Image

भारत पाकिस्तान (साभार-WCL X)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के आयोजकों पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए रविवार को भविष्य में इस टूर्नामेंट में अपने खिलाड़ियों की भागीदारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। इससे पहले भारतीय टीम ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों को लेकर देश के रुख का हवाला देते हुए इस पड़ोसी देश के खिलाफ WCL के ग्रुप चरण के मुकाबले और सेमीफाइनल दोनों में खेलने से इनकार कर दिया था। अब इसको लेकर पीसीबी ने बड़ा एक्शन लिया है।

पीसीबी ने मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की वर्चुअल बैठक के बाद एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) घोषणा करता है कि वह भविष्य में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में भाग लेने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रहा है।’’ पीसीबी ने डब्ल्यूसीएल द्वारा भारत को अंक देने के निर्णय पर भी कड़ी आपत्ति जताई तथा कहा कि यह ‘‘पाखंड और पक्षपातपूर्ण है।’’

भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप चरण में मुकाबला होना था, लेकिन भारतीय टीम ने आतंकवादी हमले और उसके बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्रीय भावनाओं का हवाला देते हुए पाकिस्तानी टीम के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया। भारतीय टीम में शिखर धवन, युवराज सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल थे। भारत के सेमीफाइनल में नहीं खेलने के कारण पाकिस्तान सीधे फाइनल में पहुंच गया।

पीसीबी ने बयान में कहा, ‘‘पीसीबी ने डब्ल्यूसीएल के जानबूझकर मैच गंवाने वाली टीम को अंक देने के फैसले की समीक्षा की। इसके अलावा भारत बनाम पाकिस्तान लीजेंड्स मैचों को रद्द करने की घोषणा करने वाली डब्ल्यूसीएल की प्रेस विज्ञप्तियों की विषय-वस्तु की समीक्षा भी की गई और उसने इन्हें पाखंड और पूर्वाग्रह से ग्रस्त पाया।’’ बोर्ड ने आगे कहा कि वह अपने खिलाड़ियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति नहीं दे सकता, जहां ‘‘खेल भावना पर पक्षपातपूर्ण राजनीति हावी हो रही हो और जो खेल भावना के मूल तत्व को कमजोर कर रही हो।’’

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के सह-स्वामित्व वाली डब्ल्यूसीएल ने ग्रुप चरण के मैच के रद्द होने के बाद माफी मांग ली थी। डब्ल्यूसीएल ने कहा था, ‘‘हम भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए एक बार फिर माफी मांगते हैं और उम्मीद करते हैं कि लोग यह समझेंगे कि हमारा उद्देश्य क्रिकेट प्रेमियों को खुशी के कुछ पल देना था।’’

पीसीबी ने हालांकि इस माफी को हास्यास्पद करार देते हुए कहा, ‘‘डब्ल्यूसीएल की 'भावनाओं को ठेस पहुंचाने' के लिए माफी हास्यास्पद होते हुए भी अनजाने में यह स्वीकार करती है कि एक विशिष्ट राष्ट्रवादी भावना के आगे झुकने के कारण मैच रद्द किए गए। इससे अंतरराष्ट्रीय खेल समुदाय के पास गलत संदेश गया।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘पीसीबी अब अपनी टीम को ऐसी किसी प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दे सकता, जहां निष्पक्ष खेल और निष्पक्ष प्रशासन के मूल सिद्धांतों पर बाहरी दबाव के कारण समझौता किया जाता है।‘‘ इस बीच मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि डब्ल्यूसीएल के भारतीय प्रमोटर पहले से ही भविष्य में होने वाले टूर्नामेंट से पाकिस्तानी टीम को बाहर रखने पर विचार कर रहे हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें