क्रिकेट

कोई निराशा का माहौल नहीं है... पंजाब किंग्स की पहली हार के बाद क्या बोले दोनों टीमों के कोच

RR and PBKS Coach Statements: पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स और राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने आईपीएल 2026 में राजस्थआन रॉयल्स की पंजाब किंग्स पर बड़ी जीत के बाद क्या कहा, यहां जानिए।

Image

पंजाब पर राजस्थान की जीत के बाद दोनों टीमों के कोच ने क्या कहा

Photo : AP

पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में उनकी टीम की पहली हार से उसे वास्तविकता का पता चला लेकिन स्पष्ट किया कि इससे टीम के अंदर किसी तरह की निराशा नहीं है। तालिका में शीर्ष पर काबिज पंजाब किंग्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच से पहले वह प्रतियोगिता की एकमात्र अजेय टीम थी।

होप्स ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, "यह वास्तविकता का सामना करने जैसा है। हम शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हम मैच जीत रहे हैं और यह बहुत अच्छा है। हर कोई खुश है और माहौल अब भी बहुत अच्छा है।" उन्होंने कहा, "यह हमारा आठवां मैच था और यह हमारी पहली हार है। हमारे ड्रेसिंग रूम में किसी तरह की निराशा का माहौल नहीं है।"

पंजाब किंग्स का अगला मैच रविवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस से होगा और होप्स ने कहा कि उनका ध्यान छोटी-मोटी कमियों को दूर करने पर होगा। उन्होंने कहा, "आप आईपीएल में बिना कोई मैच हारे आगे नहीं बढ़ सकते। अब हमारे पास गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच खेलने से पहले कुछ दिन का समय है और इससे हमें फिर से एकजुट होने में मदद मिलेगी। हम अभ्यास के दौरान अपनी कुछ कमियों को दूर करने की कोशिश करेंगे।"

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा तालिका में शीर्ष पर काबिज टीम के खिलाफ मिली जीत से बेहद खुश थे और उन्होंने कहा कि इससे उनकी टीम को काफी राहत मिली है। पंजाब किंग्स अभी 13 अंक लेकर शीर्ष पर काबिज है जबकि राजस्थान रॉयल्स के 12 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भी इतने ही अंक हैं लेकिन वह बेहतर नेट रन रेट के कारण दूसरे स्थान पर है।"

संगकारा ने कहा, "यहां आकर तालिका में शीर्ष पर काबिज टीम के खिलाफ खेलना आसान नहीं था। यह एक अच्छी जीत है। जीतना और थोड़ी राहत पाना हमेशा अच्छा होता है।" उन्होंने बल्लेबाजों के सामूहिक प्रयास विशेषकर इंपैक्ट सब्सीट्यूट के रूप में आए बल्लेबाज शुभम दुबे की 12 गेंदों में 31 रन की प्रभावशाली पारी की विशेष रूप से प्रशंसा की।

संगकारा ने कहा, "मैंने आज दुबे के बारे में सोचा, जो इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में क्रीज पर उतरा। ऐसी स्थिति में अच्छा प्रदर्शन करना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि आपको यह नहीं पता होता है कि आप खेलेंगे या नहीं।"

(भाषा इनपुट्स के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article