क्रिकेट

खत्म हुई पार्थिव पटेल वाली पहेली, प्रज्ञान ओझा के चीफ सेलेक्टर बनने का रास्ता साफ

वेस्ट जोन के खाली पद को भरने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बुधवार को समाप्त हो गई, लेकिन पार्थिव ने चयन प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला किया। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, मुझे नहीं पता कि बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाएगा या नहीं, लेकिन 14 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक पार्थिव ने आवेदन नहीं किया था।

Image

प्रज्ञान ओझा बनेंगे चीफ सेलेक्टर। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की सीनियर मेंस चयन समिति में वेस्ट जोन के प्रतिनिधि के तौर पर अजीत अगरकर की जगह लेने के लिए भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने इस पद के लिए आवेदन नहीं किया है। इससे प्रज्ञान ओझा के लिए कार्यकाल के बचे समय तक अध्यक्ष बने रहने का रास्ता साफ हो गया है।

वेस्ट जोन के खाली पद को भरने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बुधवार को समाप्त हो गई, लेकिन पार्थिव ने चयन प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला किया। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, मुझे नहीं पता कि बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाएगा या नहीं, लेकिन 14 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक पार्थिव ने आवेदन नहीं किया था। अगर समयसीमा बढ़ाई जाती है या वह अपना फैसला बदलते हैं, तो स्थिति बदल सकती है।

प्रज्ञान ओझा प्रबल दावेदार

साउथ जोन का प्रतिनिधित्व करने वाले ओझा के अपने कार्यकाल के बचे समय तक अध्यक्ष बने रहने की संभावना है। मौजूदा चयनकर्ताओं में उनके नाम सबसे अधिक टेस्ट मैच होने से उनकी दावेदारी मजबूत हुई है। जूनियर पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष बनने के प्रबल दावेदार माने जा रहे रमेश पोवार अब वेस्ट जोन से सीनियर चयनकर्ता के पद के लिए दावेदार बन सकते हैं। भारत के पूर्व विकेटकीपर समीर दिघे का नाम भी चर्चा में है।

गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े रहेंगे पार्थिव

चयनकर्ताओं के पदों के लिए पिछली बार आवेदन आमंत्रित किए जाने पर पोवार और दिघे दोनों ने आवेदन किया था। हालांकि, पश्चिम क्षेत्र से इस पद के लिए योग्य और प्रमुख उम्मीदवारों की संख्या सीमित दिखाई दे रही है। इसकी स्थिति तभी बदल सकती है, जब बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाकर पार्थिव को आवेदन करने का मौका दे। फिलहाल ऐसा लगता है कि पार्थिव सीनियर चयन समिति में भूमिका निभाने के बजाय गुजरात टाइटंस के कोचिंग स्टाफ और कमेंट्री से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियां जारी रखेंगे।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article