शहर

'कमल ही भाजपा का चेहरा', UP में CM फेस पर योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, बोले- 2027 में भी BJP ही जीतेगी

UP Election 2027: 25 नवंबर को एक मीडिया कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि भाजपा चुनाव कमल के निशान पर लड़ती है और मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद विधायकों की सहमति से होता है।

Image

योगी आदित्यनाथ (फोटो साभार- BJP)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के अंदर सीएम फेस को लेकर चल रही अटकलों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विराम लगा दिया है। शनिवार को वाराणसी में एक कार्यक्रम में योगी ने साफ कहा कि भाजपा चुनाव कमल के फूल को चेहरा बनाकर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कमल हर भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है और पार्टी परंपरागत रूप से इसी निशान पर चुनाव लड़ती रही है।

सीएम योगी ने बताया कौन होगा यूपी में सीएम फेस

दरअसल, 25 नवंबर को एक मीडिया कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि भाजपा चुनाव कमल के निशान पर लड़ती है और मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद विधायकों की सहमति से होता है। उनसे पूछा गया था कि वे योगी आदित्यनाथ को सीएम फेस क्यों नहीं बता रहे हैं, तो उन्होंने कहा था कि चुनाव प्रचार में कमल ही पार्टी का चेहरा है। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कमल का फूल हर भाजपा कार्यकर्ता का चेहरा है। भाजपा कमल को ही चेहरा बनाकर चुनाव लड़ती है।”

डिप्टी सीएम मौर्य ने भी दिया था सीएम फेस पर बयान

इससे पहले भी मौर्य किसी को सीएम फेस बताने से बचते रहे हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जैसे नेता कहते रहे हैं कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामूहिक रूप से चुनाव लड़ती है। सिटिंग विधायकों के खिलाफ एंटी-इंकम्बेंसी और 30 से 40 फीसदी सीटें हारने की खबरों पर योगी ने कहा कि चुनावी आकलन एक ही फैक्टर पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायकों ने आजादी के बाद से सबसे ज्यादा विकास अपने क्षेत्रों में कराया है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ व्यापारी, किसान, गरीब और महिलाओं तक अभूतपूर्व पैमाने पर पहुंचा है।

टिकट बंटवारे में सीएम योगी ने दिया जवाब

टिकट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि स्थानीय और सामाजिक परिस्थितियों को देखकर फैसला होगा। भाजपा की चुनाव समिति और फिर संसदीय बोर्ड तय करेगा कि कौन लड़ेगा और कौन नहीं। सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि वे भाजपा पर टिप्पणी करने के बजाय अपने अंदर के मतभेद सुलझाएं। अखिलेश यादव के ‘बाहरी’ वाले बयान पर योगी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और उनकी जन्मभूमि भी है। उत्तराखंड से सैनिक देश की सीमा की रक्षा के लिए जाते हैं और वहीं से गंगा निकलती है। उन्होंने कहा, “भाजपा एक बड़ा परिवार है। वह मजबूती से लड़ रही है और आगे भी बढ़ेगी। क्या यादव गंगा-यमुना पर भी सवाल उठाएंगे, क्योंकि वे उत्तराखंड से निकलती हैं?”

अखिलेश को मांगनी चाहिए रामभक्तों से माफी

अखिलेश के 12 दिसंबर को अयोध्या मंदिर जाने के ऐलान पर योगी ने कहा कि वे खुश हैं, लेकिन अखिलेश को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भाजपा कहती थी ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, तब सपा ने निर्दोष कारसेवकों पर गोली चलाई और फर्जी केस दर्ज किए।गोरखपुर में अखिलेश के बुलडोजर वाले रोड शो पर योगी ने कहा कि बुलडोजर चलाने के लिए इच्छाशक्ति चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2017, 2022 और 2024 में भाजपा ने गोरखपुर की सभी सीटें जीतीं और 2027 में भी भाजपा और सहयोगी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

भाषा से भी इनपुट

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article