Times Now Navbharat
live-tv
Premium

इटली के स्कूलों में बुर्का बैन, विदेशी छात्रों पर 30% की लिमिट...आखिर क्या है मेलोनी सरकार का नया नियम?

इटली की संसद ने नए स्कूल नियमों को मंजूरी दी है, जिसके तहत कक्षाओं में बुर्का-नकाब बैन होगा और पहली कक्षा में विदेशी छात्रों की सीमा 30% तय की गई है। जानें क्यों मचा है इस पर सियासी बवाल...

Image
आखिर क्या है मेलोनी सरकार का नया नियम?
Authored by: रवि वैश्य
Updated Nov 28, 2026, 21:33 IST
Follow on Google News

इटली की संसद ने देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े और विवादास्पद बदलावों वाले नए स्कूल नियमों को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाली सरकार के इस कदम के तहत अब स्कूलों की कक्षाओं में चेहरा ढकने वाले परिधानों (बुर्का और नकाब) पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके साथ ही, पहली कक्षा (First-Year Classes) में विदेशी मूल के छात्रों की संख्या को अधिकतम 30 प्रतिशत तक सीमित कर दिया गया है। संसद से इस बिल के पास होते ही इटली की राजनीति में तीखा घमासान छिड़ गया है।

'डेक्रेटो स्कुओला' (Decreto Scuola) नाम के इस कानून को 'चैंबर ऑफ डेप्युटीज'में 142 वोटों के समर्थन से मंजूरी मिली, जबकि 112 सदस्यों ने इसके खिलाफ वोट दिया और चार सदस्य मतदान से दूर रहे। सीनेट ने इसे 20 नवंबर को ही मंजूरी दे दी थी।

सरकार का यह कदम Decree-law 170 का हिस्सा

इस सुधार के तहत उन विदेशी अभिभावकों को इतालवी भाषा सिखाई जाएगी, जिनके बच्चों को देश की शिक्षा प्रणाली में ढलने में कठिनाई होती है। हालांकि, जिन विदेशी छात्रों को पहले से ही इतालवी भाषा अच्छी तरह आती है, उन पर यह कोटा (सीमा) लागू नहीं होगा। यह कदम 30 सितंबर 2026 के 'डिक्री-लॉ 170' (Decree-law 170) का हिस्सा है। इसका उद्देश्य 2026-27 शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को सुचारू बनाना, 'नेशनल रिकवरी एंड रेजिलिएंस प्लान' (PNRR) के तहत परियोजनाओं को समर्थन देना और विदेशी छात्रों को शिक्षा प्रणाली में शामिल करने की प्रक्रिया को बेहतर बनाना है।

मेलोनी सरकार का तर्क क्या है?

मेलोनी सरकार का कहना है कि यह फैसला भेदभाव के लिए नहीं, इंटीग्रेशन के लिए है। क्लास में टीचर को बच्चे का चेहरा दिखना चाहिए, ताकि वो पढ़ाई और बातचीत में शामिल हो सके। और एक क्लास में एक ही भाषा न जानने वाले बच्चों की संख्या ज्यादा हो गई तो न पढ़ाई हो पाएगी, न इंटीग्रेशन। सरकार इसे इटालियन पहचान और स्कूल व्यवस्था को बचाने वाला कदम बता रही है।

आखिर क्या है नया स्कूल नियम?

इटली की संसद द्वारा पारित इस नए स्कूल सुधार (School Reform) में मुख्य रूप से दो बड़े बदलाव किए गए हैं पहला यह कि नए नियमों के तहत अब इटली के स्कूलों के क्लासरूम में चेहरे को पूरी तरह ढकने वाले परिधान, विशेष रूप से बुर्का और नकाब पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। दूसरा यह कि किसी भी स्कूल की शुरुआती या पहले वर्ष की कक्षाओं में विदेशी मूल (Foreign Origin) के छात्रों की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकेगी।

भाषा सीखने और मुख्यधारा की शिक्षा में तालमेल बिठाने में दिक्कत

भाषा सीखने और मुख्यधारा की शिक्षा में तालमेल बिठाने में दिक्कत

सरकार का इस फैसले के पीछे क्या तर्क है?

सत्तारूढ़ गठबंधन और नियम के समर्थकों का मानना है कि यह कदम शैक्षणिक गुणवत्ता और सामाजिक एकीकरण (Social Integration) के लिए आवश्यक है।सरकार का तर्क है कि कक्षाओं में चेहरा खुला रहने से शिक्षकों और छात्रों के बीच सीधा संवाद, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होती है। विदेशी छात्रों की सीमा तय करने के पीछे यह दलील दी जा रही है कि किसी एक कक्षा में विदेशी मूल के छात्रों की संख्या बहुत अधिक होने पर भाषा सीखने और मुख्यधारा की शिक्षा में तालमेल बिठाने में दिक्कत आती है। इससे छात्रों को बेहतर तरीके से इतालवी समाज में घुलने-मिलने में मदद मिलेगी।

आखिर क्या है नया स्कूल नियम?

आखिर क्या है नया स्कूल नियम?

सिर्फ इटली ही नहीं और भी देश उठा चुके हैं ऐसे कदम

अप्रैल 2011 में फ्रांस ने सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने पर रोक लगा दी थी। उसी साल जुलाई में बेल्जियम भी ऐसा ही कानून लेकर आया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है। सितंबर 2016 से बुल्गारिया ने सरकारी, प्रशासनिक और शैक्षणिक संस्थानों में पूरा चेहरा ढकने वाले नकाबों पर रोक लगा दी है। ऑस्ट्रिया ने अक्टूबर 2017 में सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने पर पाबंदियां लागू कीं वहीं डेनमार्क में पूरे देश में लागू होने वाला प्रतिबंध अगस्त 2018 से प्रभावी हुआ। उधर नीदरलैंड्स ने एक साल बाद सीमित प्रतिबंध लागू किया, जो स्कूलों, अस्पतालों, सार्वजनिक परिवहन और सरकारी कार्यालयों जैसे संस्थानों पर लागू होता है।

आखिर क्यों मचा है सियासी बवाल?

इस कानून के पास होते ही विपक्षी दलों और मानवाधिकार संगठनों ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।विपक्षी सांसदों ने इस कानून को सीधा-सीधा भेदभावपूर्ण करार दिया है। उनका कहना है कि यह नियम विशेष रूप से अल्पसंख्यक और प्रवासी समुदायों को निशाना बनाता है।आलोचकों का तर्क है कि 30 प्रतिशत की सीमा तय करने से उन इलाकों में रहने वाले प्रवासी परिवारों के बच्चों के लिए स्थानीय स्कूलों में दाखिला पाना मुश्किल हो जाएगा, जहां विदेशी मूल की आबादी अधिक है। इससे बच्चों के बीच अलगाव बढ़ेगा, न कि एकीकरण।

सिर्फ इटली ही नहीं और भी देश उठा चुके हैं ऐसे कदम

सिर्फ इटली ही नहीं और भी देश उठा चुके हैं ऐसे कदम

अब आगे क्या होगा?

संसद से मंजूरी मिलने के बाद अब नियम देश भर के स्कूलों में लागू होने की राह पर है लेकिन विरोधी दल इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं। विपक्ष और नागरिक अधिकार समूहों ने संकेत दिया है कि वे इस फैसले के खिलाफ सड़क से लेकर कानूनी मोर्चे तक विरोध जारी रखेंगे। आने वाले शैक्षणिक सत्र में इसे जमीन पर लागू करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। यूरोप में पहले भी फ्रांस जैसे देशों में इस तरह के बैन पर बहस हो चुकी है, इसलिए ये मुद्दा सिर्फ इटली तक नहीं रहेगा बल्कि इसकी पूरे यूरोप में चर्चा होगी और यह मुद्दा गर्माने की पूरी उम्मीद है।

End of Article