स्पोर्ट्स

Syed Modi India International 2026: उन्नति हुड्डा को पटखनी देकर महिला एकल के फाइनल में पहुंचीं 17 वर्षीय तन्वी शर्मा

भारत की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने हमवतन उन्नति हुड्डा को हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में पटखनी देकर फाइनल में एंट्री कर ली है। थाईलैंड की सुपानिडा काटेथोंग से होगी खिताबी भिड़ंत।

Image

तन्वी शर्मा (फोटो क्रेडिट PTI)

लखनऊ: युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शनिवार को एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए हमवतन उन्नति हुड्डा को हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बनाई। दूसरी वरीय तन्वी (17 वर्ष) ने महिला एकल के सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति को 11-21, 21-10, 21-13 से शिकस्त दी। इस साल ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी का इस सत्र में यह दूसरा फाइनल होगा। अब फाइनल में रविवार को तन्वी का सामना थाईलैंड की चौथी वरीय सुपानिडा काटेथोंग से होगा। काटेथोंग ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त रिको गुनजी को 21-16, 20-22, 21-10 से हराया।

पहला गेम गंवाने के बाद की तन्वी ने वापसी

दोनों भारतीय तन्वी और उन्नति के बीच मुकाबला काफी तेज गति से खेला गया रैलियां छोटी और जल्दी खत्म हुईं। पहले गेम में उन्नति ने कुछ शानदार शॉट लगाए जबकि तन्वी की ओर से कई गलतियां हुईं। उन्नति ने एक बेहतरीन विनर के साथ 9-2 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक छह अंक की बढ़त बनाए रहीं। ब्रेक के बाद उन्नति ने तन्वी की लगातार गलतियों का फायदा उठाते हुए शानदार शॉट्स के दम पर 16-8 की बढ़त बना ली। फिर उन्होंने पहला गेम अपने नाम कर लिया।

कोर्ट बदलते ही बदला खेल का अंदाज

कोर्ट बदलने के बाद तन्वी बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आईं। उन्होंने अपने सटीक शॉट्स की बदौलत 7-1 की बढ़त बना ली। उन्नति की सर्विस नेट में जाने से तन्वी ने 9-3 की बढ़त हासिल की। इसके बाद उन्होंने जोरदार स्मैश लगाया और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। तन्वी ने जल्द ही स्कोर 14-5 कर दिया। उन्नति लगातार शॉट चूकती रहीं और उनके दो शॉट कोर्ट से बाहर चले गए जिससे वह 10-19 से पिछड़ गईं। एक और शानदार शॉट से तन्वी को 10 गेम प्वाइंट मिले। उन्नति का शॉट नेट में जाने के साथ ही तन्वी ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे गेम में तन्वी ने नहीं दिया उन्नति को मौका

निर्णायक गेम में भी तन्वी ने सटीक शॉट्स के दम पर अपना दबदबा बनाए रखा और 6-3 की बढ़त हासिल की। उन्होंने स्कोर 9-6 किया और ब्रेक तक सीधे स्मैश के साथ पांच अंकों की बढ़त बना ली। तन्वी ने जल्द ही 17-9 की बढ़त हासिल कर ली। उन्नति का शॉट नेट में जाने से उन्हें सात मैच प्वाइंट मिले। इसके बाद उन्नति का एक शॉट कोर्ट से बाहर चला गया और तन्वी ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article