क्रिकेट

IPL 2027: टी नटराजन की हुई सनराइजर्स हैदराबाद में वापसी, बदले में जीशान अंसारी दिल्ली हुए ट्रेड

आईपीएल 2027 के लिए दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले टीमों के बीच खिलाड़ियों का ट्रे़ड एक बार फिर शुरू हो गया है। दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने टी नटराजन और जीशान अंसारी की अदला बदली की है।

Image

टी नटराजन और जीशान अंसारी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुंबई: बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन की सनराइजर्स हैदराबाद में वापसी हुई है जबकि आईपीएल की इन दोनों फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों के ट्रेड (अदला-बदली) के तहत लेग स्पिनर जीशान अंसारी बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए। नटराजन पांच करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर 2016 की आईपीएल चैंपियन टीम से जुड़ेंगे। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।

40 लाख में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े जीशान

आईपीएल 2026 सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 10 मैच खेलने वाले अंसारी 40 लाख रुपये की मौजूदा फीस पर दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होंगे। आईपीएल ने बयान में कहा,'2020 से 2024 तक पांच सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व करने वाले नटराजन फ्रेंचाइजी में लौट आए हैं। इसी टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने आईपीएल के सबसे प्रभावी बाएं हाथ के भारतीय तेज गेंदबाजों में अपनी पहचान बनाई थी। नटराजन का आईपीएल में सबसे सफल सत्र 2024 में रहा जब उन्होंने 19 विकेट लिए। वह उस सत्र में सनराइजर्स के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।'

जीशान की शानदार रहा था आईपीएल डेब्यू

अंसारी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पदार्पण मैच में तीन विकेट चटकाकर अपने आईपीएल करियर की शानदार शुरुआत की थी। आईपीएल ने कहा,'इस लेग स्पिनर ने आईपीएल में 10 मैच में छह विकेट लिए हैं और उनके आने से दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाजी विभाग को मजबूती मिलेगी।'पैंतीस वर्षीय नटराजन ने भारत के लिए एक टेस्ट और दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं। उन्होंने आईपीएल में 73 मैच में 72 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन पर चार विकेट है। छब्बीस वर्षीय अंसारी के नाम आईपीएल के 10 मैच में छह विकेट हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article