क्रिकेट

बांग्लादेश से हार के बाद टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ पाकिस्तान

पाकिस्तान का सफर टी20 वर्ल्ड कप में खत्म हो गया। शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उसे 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उसने टी20 वर्ल्ड कप में हार की हैट्रिक लगा दी।

Image

पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश (साभार-x)

टटी20 वर्ल्ड कप के 15वें मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 23 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली। यह पाकिस्तान की इस वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी हार थी और इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसका सफर खत्म हो गया। पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप के बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। हालांकि, अब भी पाकिस्तान के दो मुकाबले बचे हैं।

रोज बाउल में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 123 रन बनाए जिसमें शोर्णा अख्तर ने नाबाद 39 रन और कप्तान निगार सुल्ताना ने 36 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने दो विकेट चटकाए। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 100 रन ही बना सकी। मुनीबा अली ने 25 रन और गुल फिरोजा ने 23 रन बनाए। पाकिस्तान की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 6 बैटर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। बांग्लादेश की गेंदबाजों में संजीदा अख्तर मेघला और नाहिदा अख्तर ने तीन तीन विकेट झटके जबकि राबिया खान और रितु मोनी को एक एक विकेट मिला।

पाकिस्तान की लगातार तीसरी हार

इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की यह तीसरी हार है और टी20 वर्ल्ड कप में उसका सफर यहीं थम गया। इससे पहले पाकिस्तान को अपने पहले मुकाबले में भारत से 64 रन से और दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका से 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान को अब 23 जून को ऑस्ट्रेलिया और 27 जून को नीदरलैंड्स से भिड़ना होगा।

हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान ने निराशा व्यक्त की और कहा कि हम इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। बैटिंग और बॉलिंग में हम अपनी क्षमता के अनुसार नहीं खेल पाए। सीनियर खिलाड़ी को इस तरह के मुकाबले में आगे आकर प्रदर्शन करना चाहिए जो नहीं हुआ।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article