PAK vs AUS 1st Test: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में तीन दिन का खेल समाप्त हो गया है। तीसरे दिन की समाप्ति पर पाकिस्तान टीम की हालत खराब होती नजर आ रही है। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 300 रनों की लीड ले ली है। दिन के अंत पर ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 84 रनों पर खेल रही थी और क्रीज पर स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा मौजूद थे।
दिन की शुरुआत में ही ऑलराउंडर मिशेल मार्श ने बाबर आजम का कीमती विकेट लिया जिसके बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और उसने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां लंच तक छह विकेट पर 203 रन बना लिए थे। हालांकि लंच के बाद कंगारू और भी भारी पड़े और गुच्छे में विकेट लेकर पाकिस्तान को केवल 271 रनों पर ऑलआउट कर दिया।
पाकिस्तान ने ऐसे गंवाए विकेट
पाकिस्तान ने सुबह दो विकेट पर 132 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन उसने पैट कमिंस के पहले ओवर में ही नाइट वॉचमैन खुर्रम शहजाद (07) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बाबर और इमाम उल हक ने जिम्मेदारी संभाली।जब लग रहा था कि बाबर और इमाम पहले सत्र में ऑस्ट्रेलिया को आगे कोई और सफलता हासिल नहीं करने देंगे तभी मार्श ने अपना कमाल दिखाया। उन्होंने बाबर (21) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर इमाम के साथ उनकी 17 ओवर में निभाई गई 48 रन की साझेदारी को तोड़ा।इसके बाद विकटों का पतन शुरू हो गया।
इसके बाद ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने इमाम को एलेक्स केरी के हाथों स्टंप आउट कराकर उनकी 199 गेंदों पर खेली गई 62 रन की पारी का अंत किया। इमाम का टेस्ट क्रिकेट में यह नौवां अर्धशतक था।तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने इसके बाद सरफराज अहमद (03) को बोल्ड करके पारी में अपना दूसरा विकेट लिया। वहीं बाद में कमिंस लायन और हेड तीनों ने मिलकर आखिरी तीन विकेट झटके।
स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा ने संभाली पारी, मुश्किल में पाकिस्तान
पाकिस्तान को सस्ते में ऑलआउट करने के बाद कंगारुओं ने 214 रनों की बढ़त ले ली। इसके बाद टीम जब दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आई तो उसे शुरुआत में ही दो बड़े झटके लग गए। वॉर्नर शू्न्य पर आउट हो गए और लाबुशेन भी 2 रन बनाकर चलते बने। ऐसे में पाकिस्तान मजबूत नजर आ रही थी लेकिन स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा ने उनके इरादे पर पानी फेर दिया। दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है और टीम को लगातार आगे बढ़ाते जा रहे हैं।
