बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ न्यूयॉर्क में खेले गए महामुकाबले में 6 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम को 19 ओवर में 119 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए 120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने एक फिर टीम को गच्चा दे दिया और 20 ओवर में 7 विकेट पर 113 रन बना सकी।
पाकिस्तान को बड़े अंतर से जीतने होंगे अंतिम दो मैच
पाकिस्तानी टीम की यह लगातार दूसरी हार है। पाकिस्तानी टीम को इससे पहले अमेरिकी टीम के खिलाफ सुपर ओवर तक गए मुकाबले में 5 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अब उसने भारत के खिलाफ भी जीत का शानदार मौका हाथ से गंवा दिया। इस हार के बाद पाकिस्तानी टीम के लिए प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल हो गया है। अब उसकी प्लेऑफ की सीट बाकी बचे दो मैच में जीत के अलावा आयरलैंड के खिलाफ अमेरिका की हार पर टिक गई है।
चौथे पायदान पर खिसका पाकिस्तान
भारतीय टीम 2 मैच में 2 जीत के साथ अंक तालिका में पहले पायदान पर 1.455 के नेट रन रेट के साथ काबिज है। वहीं अमेरिका की टीम 2 मैच में 2 जीत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अमेरिकी टीम का नेट रन रेट 0.626 का है। कनाडा की टीम 2 मैच में एक जीत और एक हार के साथ तीसरे पायदान पर है। पाकिस्तान की टीम 2 मैच में 2 हार के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं आयरलैंड की टीम पांचवें पायदान पर 2 करारी हार के साथ काबिज है।
करनी होगी अमेरिका और भारत की हार की दुआ
पाकिस्तान को सुपर 8 में पहुंचने के लिए कनाडा और आयरलैंड के खिलाफ बड़े अंतर से जीतने होंगे और अपने नेट रन रेट को बेहतर करना होगा। अगर अमेरिकी टीम अपने तीसरे मुकाबले में आयरलैंड को मात देने में सफल हुई तो वो सुपर 8 में पहुंच जाएगी। अगर भारतीय टीम अपने बाकी बचे मैच जीत लेती है तो प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। पाकिस्तान को अब अपनी जीत के साथ-साथ अमेरिकी और भारतीय टीम की हार की दुआ करनी होगी। दो मैच में जीत उसके हाथों में है लेकिन बाकी किस्मत पर निर्भर हो गया है। अब भगवान भरोसे ही वो सुपर-8 में पहुंच सकती है। जिसकी संभावना बेहद कम नजर आ रही है।
