क्रिकेट

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बना कॉपी कैट, बीसीसीआई के सक्सेस मॉडल को कर रहा है लागू

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के चयनकर्ता और पूर्व दिग्गज गेंदबाज अकीब जावेद ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारतीय क्रिकेट की सफलता की कहानी का अनुसरण कर रहा है।

Image

अकीब जावेद (फोटो क्रेडिट PCB)

कराची: पाकिस्तान के चयनकर्ता और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख आकिब जावेद ने खुलासा किया है कि वह भारत की सफलता की कहानी का अनुसरण कर रहे हैं और उन्होंने अपने देश में इसे लागू करने की कोशिश की है। भारत ने सीमित ओवरों की क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम ने पिछले साल टी20 विश्व कप, इस साल की शुरुआत में दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी और सितंबर में एशिया कप जीता। एशिया कप के फाइनल में उसने पाकिस्तान को हराया था।

भारतीय मॉडल को लागू करने की हो रही है कोशिश

पूर्व तेज गेंदबाज आकिब ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक पॉडकास्ट में कहा,'मैंने भारत की सफलता को देखा है और पाकिस्तान क्रिकेट की बेहतरी के लिए योजनाओं को लागू करने की कोशिश की है। क्रिकेट खेलने वाले किसी भी देश की सफलता उसके खिलाड़ियों की प्रतिभा पर निर्भर होती है।' उन्होंने याद दिलाया कि 2006 में जब भारत ने पाकिस्तान का दौरा किया था, तो उसकी टीम के एक सीनियर अधिकारी ने लाहौर के एलसीसीए मैदान का दौरा करने का अनुरोध किया था, जिसे इस क्षेत्र में एक शीर्ष अकादमी माना जाता था।

भारत से कहां पिछड़ा पाकिस्तानी क्रिकेट

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हम अपनी क्रिकेट प्रणाली में बुनियादी चीजों को सही तरीके से करने में पिछड़ गए हैं। आप जिसे भी कप्तान, कोच या चयनकर्ता नियुक्त करें, जब तक आपके पास प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं होंगे तब तक कुछ भी नहीं बदलेगा। प्रतिभा की गुणवत्ता को ‘बेंच स्ट्रेंथ’ और प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर सुनिश्चित किया जा सकता है और यह केवल उचित बुनियादी ढांचे और प्रणाली से ही संभव है।'

अब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है पाकिस्तान का क्रिकेट

आकिब हाल तक पाकिस्तान टीम के अंतरिम मुख्य कोच भी थे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पाकिस्तानी क्रिकेट अब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप और आगामी अंतरराष्ट्रीय मैचों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ने का पाकिस्तान के लिए यह सबसे अच्छा समय है। आकिब ने कहा,'हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं। उन्होंने अच्छा तालमेल बिठाया है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब हमारे पास खिलाड़ियों के विकल्प मौजूद हैं।'

टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को मिलेगा ये फायदा

उन्होंने कहा कि आगामी विश्व कप में पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा फायदा यह है कि वे अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेंगे। आकिब ने कहा,'अगर विश्व कप ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका में होता तो मेरी राय अलग होती। लेकिन टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने का यह सबसे अच्छा मौका है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article