क्रिकेट

Champions Trophy 2025: चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान के हेड कोच का बड़ा फैसला, इस खिलाड़ी को ओपनर बनाए रखने का किया समर्थन

Champions Trophy 2025, Aaqib Javed Support Babar Azam: चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। पाकिस्तान की मेजबानी में 19 फरवरी से टूर्नामेंट का आगाज होगा। इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अंतरिम मुख्य कोच आकिब जावेद ने बाबर आजम का जमकर समर्थन किया। उन्होंने बाबर को चैंपियंस ट्रॉफी में ओपनिंग बल्लेबाज बनाए रखने का समर्थन किया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- AP)

Photo : AP

Champions Trophy 2025, Aaqib Javed Support Babar Azam: पाकिस्तान के अंतरिम मुख्य कोच आकिब जावेद ने बाबर आजम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में ओपनिंग बल्लेबाज बनाए रखने का समर्थन किया है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 19 फरवरी से 9 मार्च तक खेली जाएगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हार मिली। इसके बाद बाबर को ओपनिंग भेजने के फैसले पर सवाल उठे। लेकिन जावेद ने टीम प्रबंधन के इस कदम का समर्थन किया और उम्मीद जताई कि पूर्व कप्तान इस नई भूमिका में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा, "दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विदेशी दौरे में बाबर को हर मैच में पहले ही ओवर में बल्लेबाजी करनी पड़ी थी। फिर सैम अयूब चोटिल हो गए, जिससे बाबर को टेस्ट मैचों में भी ओपनिंग करनी पड़ी। इन पिचों पर बल्लेबाजों के लिए शुरुआत में कोई परेशानी नहीं होती, इसलिए हमने अपने सबसे अच्छे बल्लेबाज को पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने के लिए भेजा। यह हमारे लिए ज्यादा फायदेमंद रहेगा।"

उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि इन परिस्थितियों में बाबर को ओपनिंग करनी चाहिए और मुझे भरोसा है कि वह महत्वपूर्ण मैचों में बड़ी पारियां खेलेंगे।"

हाल ही में समाप्त हुई त्रिकोणीय सीरीज में पाकिस्तान को सिर्फ एक ही जीत मिली थी, लेकिन इसके बावजूद जावेद ने टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "चैंपियंस ट्रॉफी में यह टीम बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। अगर हमारी बल्लेबाजी सामान्य रही, तो हम 350 रन बना सकते हैं। अगर हारिस रऊफ फिट होकर फॉर्म में आ जाएं और नसीम, शाहीन और हमारे स्पिनर्स के साथ मिलकर प्रदर्शन करें तो यह टीम किसी को भी हरा सकती है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमें एक स्पिन ऑलराउंडर और एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की जरूरत थी, इसलिए खुशदिल और फहीम को टीम में शामिल किया गया है। जब आप कोई टूर्नामेंट खेलते हैं, तो टीम में विविधता होनी चाहिए।" वहीं, पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने सैम अयूब की गैरमौजूदगी में बाबर को ओपनिंग कराने के फैसले की आलोचना की।

उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "अगर आपने यह सीरीज जीती होती, तो हर खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता। लेकिन यह फैसला किसने लिया कि बाबर ओपनिंग करेंगे? मुझे हैरानी हो रही है कि ये लोग कैसे फैसले ले रहे हैं। वह नंबर तीन पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50-70 रन बना रहे थे, लेकिन वह भी बंद कर दिया।"

उन्होंने आगे कहा, "अब इस त्रिकोणीय सीरीज में सिर्फ 62 रन बने हैं। यही सोच और यही तरीका है!" पाकिस्तान 19 फरवरी को कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी का अपना पहला मैच खेलेगा।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article