क्रिकेट

PAK vs SL, Tri-Nation T20 Series Final: श्रीलंका को पटखनी देकर पाकिस्तान ने जीता त्रिकोणीय सीरीज का खिताब

पाकिस्तान ने श्रीलंका को त्रिकोणीय टी20 सीरीज के फाइनल में मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट AP)

रावलपिंडी: सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को रावलपिंडी में खेले गए फाइनल मुकाबले में 6 विकेट से मात देकर त्रिकोणीय टी20 सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया है। मेजबान पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और श्रीलंकाई टीम को 19.1 ओवर में 114 रन पर शाहीन अफरीदी और मोहम्मद नवाज की शानदार गेंदबाजी की बदौलत ढेर कर दिया। इसके बाद खिताबी जीत के लिए मिले 115 रन के लक्ष्य को 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। 17 रन देकर 3 विकेट चटकाने वाले मोहम्मद नवाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। नवाज प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी अपने नाम करने में सफल रहे।

कामिल मिशरा ने जड़ा अर्धशतक

पहले बल्लेबाजी करने श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। पथुम निसंका 20 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कामिल मिशरा और कुसल मेंडिस ने पारी को संभाला और स्कोर को 84 रन तक ले गए। लेकिन 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर मेंडिस को मोहम्मद नवाज ने बाबर आजम के हाथों कैच कराकर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। वो 14(18) रन बना सके। इसके बाद कामिल मिशरा अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद 14वें ओवर की पहली गेंद पर सैम अयूब का शिकार बने। उन्होंने 59(47) रन बनाए। 98 के स्कोर पर श्रीलंका को तीसरा झटका लगा।

अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी श्रीलंका की पारी

कामिल मिशरा के आउट होने के बाद श्रीलंका के विकेटों की झड़ी लग गई। देखते देखते पूरी टीम 19.1 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई। शाहीन अफरीदी और मोहम्मद नवाज ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पिच पर पैर नहीं जमाने दिए। शाहीन ने 18 रन देकर और मोहम्मद नवाज ने 17 रन देकर 3-3 विकेट अपने नाम किए। 2 सफलता अबराब अहमद के हाथ लगी। एक-एक विकेट सैम अयूब और सलमान मिर्जा को मिला। श्रीलंका के 8 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके। श्रीलंका ने अपने आखिरी 7 विकेट 16 रन पर गंवा दिए।

फरहान और अयूब ने दिलाई पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत

जीत के लिए 115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को साहिबजादा फरहान और सैम अयूब ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। फरहान 23(22) रन बनाकर आठवें ओवर में मलिंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद अयूब का साथ देने आए बाबर आजम ने एक छोर संभाल लिया। दोनों स्कोर को 75 रन तक ले गए। ऐसे में अयूब 36(33) रन बनाकर हसरंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए।

बाबर ने कराई जीत की दहलीज पार

अयूब को आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान सलमान आगा ज्यादा देर तक बाबर का साथ नहीं दे सके और 14 रन बनाकर रत्नायके की गेंद पर दसुन शनाका के हाथों लपके गए। इसके बाद फखर जमान को भी रत्नायके ने शनाका के हाथ कैच करा दिया। वो 3 रन बना सके। ऐसे में एक छोर संभाले खड़े बाबर ने 37(34) रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को 6 विकेट से जीत दिलाकर पवेलियन वापस लौटे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article