क्रिकेट

सुरेश रैना ने बताया भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी किस चीज का है परिणाम

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज सुरेश रैना ने 36 साल की उम्र में टीम इंडिया में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार की जमकर तारीफ की है और बताया है ये किस बात का है परिणाम?

Image

सुरेश रैना

Photo : ANI

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि देश के शीर्ष बल्लेबाजों की अलग-अलग खेल शैली ने क्रिकेट को अधिक रचनात्मक बना दिया है तो वही अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की राष्ट्रीय टीम में वापसी को उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का परिणाम करार दिया।

बेखोफ क्रिकेट खेल रहे हैं भारतीय खिलाड़ी

'इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग' के शुभारंभ के मौके पर रैना ने पत्रकारों से कहा,'भारतीय क्रिकेट में अब कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो बेखौफ होकर अपनी अलग शैली में खेल रहे हैं और दबाव की परिस्थितियों में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। क्रिकेट अब काफी प्रयोग करने वाला और रचनात्मक खेल बन गया है। अभिषेक शर्मा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि शुभमन गिल का अंदाज अलग है। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी 50 ओवर के प्रारूप में अपनी-अपनी शैली से खेल रहे हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज हमारे पास बड़ी संख्या में कोच हैं।'

लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत आखिरकार लाई रंग

रैना ने भारतीय टीम में वापसी करने पर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत आखिरकार रंग लाई है। रैना ने कहा,'36 साल की उम्र में भी भुवनेश्वर ने अपने दमखम और जुझारूपन का परिचय दिया है। वह बेहद अनुशासित गेंदबाज हैं और खेल की प्रक्रिया तथा उसकी बारीकियों पर विशेष ध्यान देते हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए भी काफी मेहनत की है। मुझे उम्मीद है कि न्यूजीलैंड दौरे पर वह शानदार प्रदर्शन करेंगे। मेरी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं हैं।'

खिलाड़ियों की भरपूर उपलब्धता है सफलता की वजह

भारतीय टीम के विभिन्न प्रारूपों में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर रैना ने देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरपूर उपलब्धता को टीम की सफलता का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा,'यह सिलसिला लगातार जारी है। आज हमारे पास लगभग चार-पांच टीमें तैयार करने लायक प्रतिभा है। हम जापान गए और वहां स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस में ओलंपिक खेलों का आयोजन होगा। वहां के लिए भी एक अच्छी टीम तैयार की जाएगी। क्रिकेट हो या हॉकी, सभी पुरस्कार विजेताओं को मेरी ओर से बधाई।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article