क्रिकेट

PAK vs NZ: बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 शतक जड़कर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 16, 2023, 12:40 AM IST

बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लाहौर में खेले गए दूसरे मुकाबले में शतक जड़कर बतौर कप्तान सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Image

बाबर आजम(साभार IPL/BCCI)

लाहौर: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने शनिवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार शतक जड़ा। पारी की शुरुआत करने आए बाबर 58 गेंद में 101 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और तीन छक्के जड़े।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम को बाबर और रिजवान की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। रिजवान ने 32 गेंद में 6 चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। 10 ओवर में 98 रन बगैर किसी नुकसान के बना लिए थे। लेकिन 11वें ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान मैट हेनरी की गेंद पर डेरिल मिचेल के हाथों लपके गए।

6 रन पर पाकिस्तान ने गंवाए चार विकेट

रिजवान के आउट होने के बाद बाबर ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते गए। फखर जमां और सैम अयूब खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। उसके बाद इमाद वसीम जिमी नीशम की गेंद पर लपके गए। 105 के स्कोर पर पाकिस्तान ने 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में बाबर ने एक छोर से मोर्चा संभाला और दूसरे छोर पर उन्हें इफ्तिखार अहमद का साथ मिला।

58 गेंद में बाबर ने पूरा किया शतक

ऐसे में बाबर आजम ने 36 गेंद में 6 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। उसके बाद वो पिच पर डटे रहे। उन्होंने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए अगले पचास रन 22 गेंद में जोड़े और 58 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 3 छक्के जड़े। अंत में वो 58 गेंद में 101 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले कप्तान

इस शतकीय पारी के साथ बाबर आजम अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने टी20 में पाकिस्तान के लिए तीन शतक जड़े हैं और तीनों शतक उनके बल्ले से बतौर कप्तान निकले। इसके साथ ही बाबर आजम अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में साझा रूप से सूर्यकुमार यादव, कोलिन मुनरो और ग्लेन मैक्सवेल के साथ दूसरे पायदान पर आ गए हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा चार शतक दर्ज हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article