क्रिकेट

PAK vs ENG Day 3 Highlights: रूट और ब्रुक की पारी से इंग्लैंड ने तीसरे दिन की मैच में वापसी

PAK vs ENG Day 3 Highlights: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मुल्तान में खेले जा रहे टेस्ट मैच का तीसरा दिन इंग्लैंड के नाम रहा। खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 3 विकेट के नुकसान पर 492 रन बना लिए हैं।

Image

पाकिस्तान और इंग्लैंड मुल्तान टेस्ट (साभार-PCB)

PAK vs ENG Day 3 Highlights: जो रूट के 35वें शतक और हैरी ब्रुक के नाबाद सैकड़े से इंग्लैंड ने बुधवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के तसरे दिन स्टंप तक तीन विकेट गंवाकर 492 रन बना लिये। रूट इस दौरान एलिस्टेयर कुक को पछाड़कर इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले खिलाड़ी बन गये। वह 176 रन बनाकर खेल रहे हैं। यॉर्कशर के साथी हैरी ब्रुक 173 गेंद में नाबाद 141 रन बना चुके हैं।

ये दोनों अभी तक 24 बाउंड्री जड़कर नाबाद 243 रन की साझेदारी कर चुके हैं और दोनों ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को काफी परेशान किया। इंग्लैंड की टीम अपनी ‘बैजबॉल’ आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत साढ़े तीन सत्र तक बल्लेबाजी करते हुए अब पाकिस्तान से 64 रन से पिछड़ रही है। घरेलू टीम ने साढ़े पांच सत्र में 556 रन बनाये थे।

रूट ने 32 रन से खेलते हुए तेज गर्मी में पूरे दिन बल्लेबाजी की। उन्होंने बेन डकेट (84 रन) और जाक क्राउले (78 रन) के साथ दो और शतकीय साझेदारी निभाईं। पहले दो सत्र में डकेट और क्राउले के विकेट गिरे। पाकिस्तान के नसीम शाह (87 रन देकर एक विकेट) और शाहीन शाह अफरीदी (88 रन देकर एक विकेट) ज्यादा प्रभावी नहीं रहे। उन्हें पुरानी गेंद से कोई रिवर्स स्विंग नहीं मिली।

लेग स्पिनर अबरार अहमद को भी कोई टर्न नहीं मिल सका और उन्होंने अपने 35 ओवर में 174 रन दिये लेकिन कोई विकेट नहीं चटका सके। रूट तीसरे दिन 71 रन बनाते ही कुक का रिकॉर्ड तोड़कर क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले खिलाड़ी बन गये। उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान एक चौका जड़कर 71 रन पर पहुंचते ही संन्यास ले चुके कुक के 12,472 रन को पछाड़ दिया।

इस तरह 33 साल के रूट टेस्ट क्रिकेट में सर्वकालिक सर्वाधिक रन जुटाने वाले क्रिकेटरों की सूची में भारतीय स्टार सचिन तेंदुलकर (15,921), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (13,378), दक्षिण अफ्रीका के जाक कैलिस (13,289) और भारत के राहुल द्रविड़ (13,288) के बाद पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।

रूट से ऊपर सभी चारों खिलाड़ी संन्यास ले चुके हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article