क्रिकेट

IND vs IRE T20I Series: सूर्यांश शेडगे को पहली बार मिली टीम इंडिया में जगह, चोटिल नीतीश रेड्डी को किया रिप्लेस

Nitish Kumar Reddy Out Of IND vs IRE T20I Series: भारत को इस महीने के अंत में आयरलैंड के खिलाफ 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया को करारा झटका लगा है। हार्दिक पांड्या के बाद अब एक और ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी चोटिल हो गए हैं। उनकी जगह सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल किया गया है।

Image

नीतीश कुमार रेड्डी हुए चोटिल (X)

Nitish Kumar Reddy, India vs Ireland T20I Series 2026: टीम इंडिया को इस महीने के अंत में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया को करारा झटका लगा है। पहले हार्दिक पांड्या चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हुए और अब टीम का एक और ऑलराउंडर बाहर हो गया है। हम बात कर रहे हैं ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की, जो आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल सकेंगे। उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान हो गया है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टी20 टीम में हार्दिक पांड्या के चोटिल होकर बाहर होने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी उनकी भरपाई करते नजर आ सकते थे, लेकिन सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार रेड्डी क्वाड्राइसेप्स इंजरी के कारण अब इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

सूर्यांश शेडगे ने किया रिप्लेस

सिर्फ यही नहीं, एक रिपोर्ट के मुताबिक नीतीश कुमार रेड्डी की चोट गंभीर है और वो अगले महीने भारत के इंग्लैंड दौरे पर भी सीमित ओवर क्रिकेट सीरीज में टीम इंडिया से बाहर रह सकते हैं। उनका नाम स्क्वॉड में शामिल था। बीसीसीआई ने नीतीश कुमार रेड्डी के रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के नाम का ऐलान कर दिया है। इंडिया-ए के साथ श्रीलंका दौरे पर गई सूर्यांश शेडगे ने बल्ले से प्रभावित किया था, जिसका ईनाम मिला। सूर्यांश शेडगे को पहली बार टीम इंडिया टीम में शामिल किया गया।

भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 26 जून (शुक्रवार) और दूसरा टी20 मैच 28 जून (रविवार) को खेला जाएगा। ये दोनों ही मैच बेलफास्ट में खेले जाएंगे। बेलफास्ट में हिंसा के बाद बीसीसीआई ने अब तक मैचों का समय स्पष्ट नहीं किया है लेकिन प्रारंभिक शेड्यूल में मैचों का समय भारतीय समय के मुताबिक शाम 6 बजे हैं।

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भारत की टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article