क्रिकेट

पांचवें टी20 से पहले मैट हेनरी ने बताया अभिषेक शर्मा के बल्ले पर लगाम लगाने का फॉर्मूला

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पांचवें टी20 मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने आतिशी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को रोकने का गेम प्लान साझा किया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

मैट हेनरी की गेंद पर आउट होने के बाद पवेलियन लौटते अभिषेक शर्मा

Photo : AP

तिरुवनंतपुरम: अभिषेक शर्मा भले ही दुनिया भर के गेंदबाजों के लिए बुरे सपने की तरह हों, लेकिन न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी के पास इस भारतीय सलामी बल्लेबाज के लिए एक सरल रणनीति है, लगातार सटीक गेंदबाजी करके उन्हें दबाव में रखना। विशाखापट्टनम में चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हेनरी ने अभिषेक को गोल्डन डक (पहली गेंद पर आउट) कर दिया था, जिससे कीवी टीम को यह मैच 50 रन से जीतने में मदद मिली थी।

हेनरी ने यहां पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा,'पिछले दो वर्षों से वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्कि आईपीएल में भी गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हम उन पर किस तरह से दबाव बनाते हैं यह हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। गेंदबाजी के नजरिए से यह चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जब आप किसी ओवर में मिला-जुला प्रदर्शन करते हैं तो उसके बाद किस तरह से वापसी करते हैं और कैसे अपना प्रभाव डालते हैं यह महत्वपूर्ण होता है।'

हेनरी ने कहा,'सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी सटीक गेंदबाजी करते हैं। आपको अपने काम में सटीक होना होगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी होगी।'

हेनरी ने उम्मीद जताई कि भारत के खिलाफ इस श्रृंखला में खेलना आगामी टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा,'मेरे लिए टी20 क्रिकेट आत्मविश्वास से जुड़ा मामला है। जब आप दबाव में हों तो आप कैसे वापसी करते हैं और बल्लेबाजों को किस तरह से चुनौती देते हैं, यह महत्वपूर्ण होता है। लगातार खेलते रहने से आप निरंतर सीखते रहते हैं और मुझे लगता है कि हमारे लिए इस श्रृंखला का यह महत्वपूर्ण पहलू है।'

हेनरी ने कहा,'इस तरह के दबाव में आना कभी अच्छा नहीं लगता, लेकिन हम जानते थे कि दीर्घकालिक लक्ष्य विश्व कप की तैयारी करना था और जब टीमें इस तरह से शानदार प्रदर्शन कर रही हों तो आप उन पर दबाव कैसे डाल सकते हैं। इस तरह से देखा जाए तो यह श्रृंखला हमारे लिए सकारात्मक रही है। हमारे खिलाड़ी आखिरी मैच में भी आत्मविश्वास बनाए रखें यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article