क्रिकेट

न्यूजीलैंड महिला टी20 वर्ल्ड कप से बाहर, एक साथ 3 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा

न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद रहा। इंग्लैंड के खिलाफ अपने आखिरी महिला टी20 वर्ल्ड कप लीग मैच में 9 विकेट से हरा का सामना करना पड़ा। इसके चलते उनका टाइटल डिफेंड करने का सपना चकनाचूर हो गया। मैच के बाद सीनियर खिलाड़ी सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहुहू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। तीनों दिग्गजों ने आखिरी बार मैदान पर न्यूजीलैंड की जर्सी पहनी।

Image

न्यूजीलैंड की तीन दिग्गज खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। फोटो- ICC

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट की तीन दिग्गज सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहुहू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में तीनों सीनियर खिलाड़ियों ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला। वहीं, मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 9 विकेट से शिकस्त दी, जिसके चलते न्यूजीलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

शनिवार को ग्रुप बी का रोमांचक समापन हुआ, जिसमें इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपना अपराजेय क्रम बरकरार रखते हुए न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। नतीजतन, वेस्टइंडीज अपने आखिरी ग्रुप मैच में आयरलैंड से हारने के बावजूद सेमीफाइनल में पहुंच गया। वहीं, पाकिस्तान ने ग्रुप ए के एक मुकाबले में नीदरलैंड्स पर 37 रनों की जीत के साथ अपने अभियान का अंत किया।

तीनों ने मिलकर खेले लगभग 900 मैच

महिला टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड का खिताब बचाने का सपना ओवल में इंग्लैंड से 9 विकेट की हार के साथ समाप्त हो गया। मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को चारो खाने चित कर दिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 17.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ ही डिवाइन, बेट्स और बॉलर ली ताहुहू का इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया। इन तीनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के लिए लगभग 900 मैच खेले हैं। मैच के बाद इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने तीनों को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया।

ऐसा रहा तीनों दिग्गजों का अंतरराष्ट्रीय करियर

सोफी डिवाइन ने 2006 में वनडे और डेब्यू किया। अपने 20 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में न्यूजीलैंड के लिए 159 वनडे मैच में 4279 रन बनाए, जिसमें 9 शतक शामिल रहे। वहीं, 111 विकेट भी चटकाए हैं। टी20 में 158 मैच खेलने वाली डिवाइन ने 3817 रन बनाए हैं और 130 विकेट अपने नाम किया। उनके नाम टी20I में एक शतक भी है।

साल 2006 में वनडे और 2007 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाली सूजी बेट्स ने न्यूजीलैंड के लिए 184 वनडे मैच और 186 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान बेट्स ने 13 शतक के साथ 5982 वनडे रन और 1 शतक के साथ 4758 रन बनाए हैं। उनके नाम वनडे में 83 विकेट और टी20 में 62 विकेट भी दर्ज हैं।

टीम की सबसे अनुभवी गेंदबाज रहीं ली ताहुहू ने साल 2011 में अपना डेब्यू किया। 15 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में ताहुहू ने 103 वनडे मैच में 125 विकेट और 104 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 103 विकेट अपने नाम किए।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article