ENG vs NZ: इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड ने तीसरे और अंतिम टेस्ट मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। तीसरे टेस्ट से पहले न्यूजीलैंड को मुख्य तेज गेंदबाज मैट हेनरी और मध्यक्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स के चोटिल होने से दोहरा झटका लगा है। टीम ने बताया कि पिछले सप्ताह द ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट में 11 विकेट लेकर टीम की जीत के नायक बने मैट हेनरी उस मैच के दौरान पिंडली में खिंचाव का शिकार हो गए थे। वह अब तक पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं, इसलिए उन्हें तीसरे टेस्ट से बाहर रखा गया है।
पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले ग्लेन फिलिप्स भी बाहर
पहले टेस्ट की पहली पारी में अहम शतक जड़ने वाले ग्लेन फिलिप्स भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टीम का हिस्सा नहीं होंगे। इससे पहले न्यूजीलैंड प्रबंधन ने तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को भी आराम देने का फैसला किया था। ऐसे में श्रृंखला के दो सबसे सफल गेंदबाज हेनरी (12 विकेट) और जैमीसन (11 विकेट) तीसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे। छह फीट आठ इंच लंबे जैमीसन को उनके कार्यभार के प्रबंधन के तहत विश्राम दिया गया है। लंबे समय तक पीठ की चोट से उबरने के बाद उन्होंने इस श्रृंखला में सबसे अधिक 65 ओवर फेंके हैं। तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।
बेन स्टोक्स फिर कर रहे कप्तानी
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को नाइटक्लब विवाद में क्लीन चिट मिलने के बाद इस मैच में स्टोक्स फिर से कप्तानी करते नजर आ रहे हैं। खेल के स्वतंत्र निगरानी पैनल ने सोमवार को दोनों को निर्दोष करार दिया था। यह मामला इसी महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद का है। घटना के बाद ECB ने दोनों को लिखित चेतावनी दी थी और दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया था। दूसरे टेस्ट में स्टोक्स की गैरमौजूदगी में जो रूट ने कप्तानी की थी, लेकिन इंग्लैंड वो मैच हार गया था। हेड कोच पहले ही स्टोक्स की वापसी का समर्थन कर चुके थे।
यहां देखें दोनों टीमों का प्लेइंग इलेवन
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन):
टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), मिचेल सेंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, बेन सियर्स, विलियम ओ'रूर्क
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन):
बेन डकेट, एमिलियो गे, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), बेन स्टोक्स (कप्तान), गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, शोएब बशीर
